बरेली: पंखिया गिरोह ने घर में घुसकर मां-बेटे को मारी गोली, लाखों की लूट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/ फतेहगंज पूर्वी,अमृत विचार। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी में सोमवार रात कच्छा बनियानधारी पंखिया गिरोह के तीन बदमाशों ने सड़क किनारे एक घर पर धावा बोल दिया। दीवार कूद कर घर के अंदर दाखिल हुए बदमाशों ने दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद गृह स्वामिनी और उसके मासूम बेटे को गोली मार दी। …

बरेली/ फतेहगंज पूर्वी,अमृत विचार। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी में सोमवार रात कच्छा बनियानधारी पंखिया गिरोह के तीन बदमाशों ने सड़क किनारे एक घर पर धावा बोल दिया। दीवार कूद कर घर के अंदर दाखिल हुए बदमाशों ने दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद गृह स्वामिनी और उसके मासूम बेटे को गोली मार दी। गोली महिला के हाथ में लगने के बाद बेटे के सिर को छूती हुई निकली गई।

बदमाश नकदी, जेवर समेत करीब दो लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने काम्बिंग के दौरान एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, एसपी देहात डॉ. संसार सिंह व सीओ फरीदपुर आलोक अग्रहरि भी मौके पर पहुंच गए।

शिवपुरी गांव निवासी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि वह चार भाई हैं। उनके पिता सुरेन्द्र सिंह भदौरिया ने गांव से करीब 200 मीटर दूर नहर किनारे पेट्रोल पंप के सामने चारों बेटों के रहने के लिए मकान बनवाए हैं। उसके एक हिस्से में सूर्य प्रताप सिंह पत्नी ज्योति सिंह व बच्चे रहते हैं।

सूर्य प्रताप ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे उनके मकान की चाहरदीवारी कूद कर तीन लोग घर में दाखिल हो गए। आहट सुनकर पत्नी ज्योति, बेटा अर्पित ओर सूर्य प्रताप अंदर कमरे में चले गए और दरवाजा बंद कर लिया। बदमाश पहले दरवाजा खोलने के लिए कहते रहे। जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। इसी दौरान एक बदमाश ने टूटे हुए दरवाजे से तमंचे की नाल अंदर की और गोली मारने की धमकी देना लगे। ज्योति ने हिम्मत दिखाते हुए तमंचे की नाल पकड़ ली और साइड से हो गईं।

इसी दौरान बदमाशों ट्रिगर दबा दिया। गोली ज्योती का हाथ में लगते हुए बेटे की सिर को छूती हुई निकल गई। इसके बाद बदमाशों ने दरवाजा तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने तमंचे के दम पर सोने के झाले, चेन, अंगूठी, चांदी की पायलें उतरवा लीं। इसके बाद कमरे में रखे संदूक का ताला तोड़कर सामान लूट लिया और फरार हो गए।

इधर गोली चलने की आवाज पर गांव के लोग जाग गए। ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि बदमाश को उन्होंने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है।

खेत में बैठकर पी थी शराब, बाइक से पहुंचे थे बदमाश
ग्रामीणों ने बताया कि घटना को अंजाम देने के लिए बदमाश उनके गांव में बाइक से पहुंचे। उन्होंने एक खेत में बैठकर शराब पी। लोगों का कहना है कि शाम 7 बजे से तीनों बदमाशों ने घटना को अंजाम देने के लिए तैयारी शुरू कर दी थी। नशा होने के बाद बदमाशों ने सूर्य प्रताप के घर से कुछ दूरी पर गन्ने के एक खेत में बाइक खड़ी कर दी।

शरीर में तेल लगाकर दाखिल हुए बदमाश
गांव के शैलेन्द्र, मुनेंद्र सिंह, राजपाल सिंह आदि ने बताया कि घर में दाखिल होने से पहले बदमाशों ने शरीर में तेल लगाया हुआ था। जिससे यदि कोई पकड़ ले तो वे आसानी से छूट कर फरार हो सकें। ग्रामीणों ने बदमाशों में से एक को जब पकड़ा तब उसके शरीर में तेल लगा हुआ था। लेकिन भीड़ के सामने वह भाग नहीं सका। लोगों का कहना है कि अधिक शराब पीने के कारण वह भाग नहीं सका। जबकि उसके दो साथी भाग गए। उनकी बाइक भी पुलिस ने गन्ने के खेत से बरामद कर ली है।

बदायूं और शाहजहांपुर के रहने वाले हैं बदमाश
पुलिस ने शिवपुरी में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश का नाम गबरू बताया जा रहा है। वह बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया पैगम्बरपुर का निवासी है। पकड़े गए बदमाश ने पुलिस को बताया कि फरार बदमाशों में एक का नाम गबरू है जबकि दूसरे का नाम अनवार है। दोनों सगे भाई हैं। वे शाहजहांपुर के गढ़िया रंगीन थाना के गांव गौटिया डभौरा के निवासी हैं।

“शिवपुरी गांव में पंखिया गिरोह के बदमाश कच्छा बनियान में लूटने के लिए घुसे थे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसके दो साथियों की तलाश पुलिस कर रही है। पकड़ा गया बदमाश बदायूं जिले का है। जबकि फरार बदमाश शाहजहांपुर जिले के हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। जल्द ही दोनों बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।” -रोहित सिंह सजवाण- एसएसपी

संबंधित समाचार