हल्द्वानी: हत्या की सूचना... सलाखों के पीछे डाला सूचना देने वाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी थाना क्षेत्र में हत्या की खबर से पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। पुलिस मामले की तह तक पहुंची तो सूचना देने वाले को ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। बार में सूचना देने वाले का भारी-भरकम चालान हुआ, तब उसे छोड़ा गया। 

शक्ति फार्म नंबर 5 ऊधमसिंहनगर निवासी समीर हालदार पुत्र तप हालदार यहां मुखानी के लामाचौड़ में रहता है। आरटीओ चौकी प्रभारी संजीत राठौड़ ने बताया कि रात करीब 10 बजे समीर ने पुलिस हेल्प लाइन नंबर 112 पर हत्या की सूचना दी। कहा, उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति ने हल्द्वानी में रहने वाले एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी है और उसका शव कमरे में पड़ा हुआ है। पुलिस की मदद चाहिए।

आनन-फानन में पुलिस हेल्प लाइन की टीम ने मुखानी थाने से संपर्क कर घटना की जानकारी दी और कॉलर का नंबर मुहैया कराया। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन घटना स्थल का पता नहीं लगा। बार-बार फोन करने पर कॉलर ने फोन भी नहीं उठाया, लेकिन पुलिस ने कॉलर समीर को तलाश लिया।

उससे पूछताछ शुरू की तो पता लगा कि वह शराब के नशे में धुत है और नशे की हालत में उसने झूठी सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस ने समीर को गिरफ्तार कर लिया। उसे थाने लाया गया, जहां उसका 10 हजार रुपये का चालान काटा गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायल 112 आपातकालीन परिस्थिति में जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए है। किसी भी प्रकार की झूठी सूचना देकर पुलिस के कीमती समय का दुरूपयोग न करें अन्यथा वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

संबंधित समाचार