उन्नाव नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि पर महिला अधिकारी ने लगाए अभद्रता के आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतिनिधि बोले, भ्रष्टाचार की शिकायत पर पटल परिवर्तन की खीझ मिटाने को रचा हाई वोल्टेज ड्रामा

उन्नाव, अमृत विचार। नगर पालिका उन्नाव में तैनात एक महिला अधिकारी ने चेयरमैन प्रतिनिधि पर व्यवसायिक इमारतों पर निर्धारित कर कम कराने के लिए अभद्रता का आरोप लगाया है। वहीं प्रतिनिधि ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि महिला अधिकारी द्वारा लगातार फाइलें लटकाए रखने व भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रहीं थीं। इसलिए अध्यक्ष द्वारा उसका पटल परिवर्तन किया गया था। इससे क्षुब्ध होकर उन्होंने हाई वोल्टेज ड्रामा रच खुद के वीडियो वायरल कराए हैं। 

बता दें कि किरन लता सोनकर की इसी वर्ष नगर पालिका उन्नाव में कर अधीक्षक पद पर तैनाती हुई थी। इससे पहले वह निदेशालय में कार्यरत रही थीं। कर अधीक्षक पर सीधा आरोप भले ही नहीं लगा है, लेकिन पालिका के कर विभाग पर अनियमितताओं संबंधित सबसे अधिक आरोप लगते रहते हैं।

गृह स्वामियों पर बढ़ाकर कर थोपने के बाद रियायत देने सहित वरासत की पत्रावलियां लटकाए रखकर गृह स्वामियों पर नीचे के कर्मचारी जेब गर्म कर फाइलें अधिकारियों के सामने प्रस्तुत करने के लिए बदनाम हैं। मंगलवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कर अधीक्षक ने चेयरमैन प्रतिनिधि प्रवीन मिश्र भानू पर अभद्रता करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए।

हालांकि अमृत विचार ऐसे किसी भी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि टेनरियों सहित अन्य व्यवसायिक इस्तेमाल वाली इमारतों को नियम विरुद्ध राहत देने का चेयरमैन प्रतिनिधि दबाव बनाते हैं। उनके गुर्गे किसी भी समय उनके कक्ष में आकर वीडियो बनाते रहते हैं। इसके अलावा जारी एक पत्र में असंवैधिक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। जिसे लेकर वह कोर्ट भी जा सकती हैं। कर अधीक्षक के मुताबिक उन्होंने अपनी व्यथा फोन से सदर विधायक पंकज गुप्ता व एसडीएम सदर नम्रता सिंह को बताई है।

इधर, चेयरमैन प्रतिनिधि ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि चेयरमैन श्वेता मिश्रा ने सभासदों व आमजन की शिकायतों को देखते हुए पटल परिवर्तन कर पालिका में तैनात दूसरे कर अधीक्षक देवेंद्र कुमार को महिला अधिकारी का काम आवंटित किया है। इसे महिला अधिकारी ने हाई वोल्टेज ड्रामा रचते हुए खुद का वीडियो वायरल कराया है। उन्होंने कहा कि संबंधित की भ्रष्टाचारी कार्य संस्कृति से सभी वाकिफ ही नहीं पीड़ित भी हैं।

यह भी पढ़ें;-Allahabad HighCourt: शिक्षक भर्ती मामले में आगामी दो माह में मेरिट लिस्ट तैयार कर नियुक्ति पत्र जारी करने का आश्वासन

संबंधित समाचार