हरिद्वार: महीना बीत जाने के बाद भी सहायक लेखाकार परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों की सूची शासन को न भेजे जाने से अभ्यर्थी नाराज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरिद्वार, अमृत विचार। लोक सेवा आयोग की ओर से एक माह बीत जाने के बाद भी सहायक लेखाकार परीक्षा का परिणाम के चयनित अभ्यर्थियों की सूची शासन को नहीं भेजने पर चयनित अभ्यर्थी नाराज हैं। उन्होंने परिणाम शासन को भेजने के लिए लोक आयोग के सचिव को ज्ञापन दिया। मंगलवार को सहायक लेखाकार के पद पर चयनित हुए अभ्यर्थी लोक सेवा आयोग के भवन पर पहुंचे।

 देहरादून और हरिद्वार, रुड़की आदि क्षेत्रों से आए अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने लोक सेवा आयोग के सचिव गिरधारी सिंह रावत से मुलाकात की। उनका कहना था कि फरवरी 2021 में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी किया था। परीक्षा सितंबर 2021 में हुई थी, जिसे विवादों में आने के बाद रद्द कर दिया गया था। बाद में भर्ती की जिम्मेदारी उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को मिली। अक्तूबर 2022 में आयोग ने 823 पदों पर सहायक लेखाकार व लेखा परीक्षक भर्ती का नया विज्ञापन जारी किया। सात मई 2023 को हुई परीक्षा के अभ्यर्थियों का 27 जून से 07 जुलाई तक अभिलेख सत्यापन कराया गया। इसके बाद टंकण परीक्षा के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची 23 अक्तूबर को वेबसाइट पर जारी की गई। 

बताया कि आमतौर पर परीक्षा परिणाम के एक सप्ताह में ही चयनितों की फाइलें नियुक्ति प्रक्रिया के लिए शासन में भेज दी जाती हैं, लेकिन सहायक लेखाकार नियुक्ति के लिए एक महीने के बाद भी फाइलें नहीं भेजी जा सकी हैं। जिससे अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग नहीं मिल रही है। लोक सेवा आयोग के सचिव ने अभ्यर्थियों को बताया कि चयनित अभ्यर्थियों में आरक्षण की श्रेणी में आने वाले कुछ लोगों के दस्तावेजों का सत्यापन नहीं हो सका था, उन्हें समय दिया गया था, इसलिए समय लग रहा है। पर अब उनका समय समाप्त हो रहा है, इसलिए एक सप्ताह में परीक्षा परिणाम शासन को भेज दिया जाएगा।

संबंधित समाचार