काशीपुर: प्लास्टिक वेस्ट जलाने पर पीसीबी ने सील किए दो कोल्हू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। पीसीबी की टीम ने बिना अनुमति चल रहे और प्रदूषण फैलाने पर दो कोल्हू उद्योग को सील किया है। कोल्हू में प्लास्टिक वेस्ट जलता हुआ पाया गया।  

गुरुवार को उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) की टीम ने सितारगंज- किच्छा रोड स्थित ग्राम बरा में संचालित दो कोल्हू उद्योगों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पाया कि दोनों ही कोल्हू पीसीबी से बिना अनुमति के संचालित हो रहे थे। साथ ही उनके द्वारा गन्ने की खोई के साथ-साथ प्लास्टिक वेस्ट को भी जलाया जा रहा था।

  इस पर टीम ने दोनों कोल्हू के संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कोल्हू को सील कर दिया। पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी नरेश गोस्वामी ने बताया कि दोनों कोल्हू को मोहम्मद शरीफ व अब्दुल द्वारा चलाया जा रहा था।

उन्होंने कहा कि दोनों कोल्हू को किन उद्योगों से प्लास्टिक प्राप्त हुआ था। इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई उद्योग अनाधिकृत प्लास्टिक वेस्ट देते हुए पाया जाता है या प्लास्टिक को जलाते हुए पाया जाता है तो उसे सील करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। टीम में पीसीबी के आकाश, क्षेत्रीय पटवारी मुकेश कुमार व स्थानीय पुलिस शामिल रही।

संबंधित समाचार