रुद्रपुर: बाजार चौकी पुलिस की अभद्रता पर भड़के शहर के व्यापारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर,अमृत विचार। मोबाइल कारोबारी से बाजार चौकी पुलिस द्वारा अभद्रता किए जाने से व्यापारियों का गुस्सा भड़क गया। विरोध में व्यापारियों ने सीओ कार्यालय आकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान व्यापारियों की पुलिस कर्मियों के साथ नोकझोंक भी हुई। सीओ के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

शुक्रवार को धरने के दौरान प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष संजय जुनेजा का कहना था कि व्यापारी सोनी चावला की दुकान से 24 नवंबर को कुछ युवकों ने एक फोन खरीदा था। आरोप था कि युवकों द्वारा फोन को बार-बार खराब बताकर बदल लिया गया और मोबाइल कंपनी ने मोबाइल में कोई भी कमी नहीं होने की जानकारी दी तो युवकों ने व्यापारी से अभद्रता की। इस संबंध में जब व्यापारी बाजार चौकी गए तो वहां तैनात पुलिसकर्मी ने व्यापारियों से ही अभद्रता शुरू कर दी।

उनका कहना था कि पिछले काफी समय से पुलिस का रवैया तानाशाही वाला बना हुआ है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ कार्यालय के बाहर हंगामे व धरने की भनक लगते ही सीओ सदर अनुषा बडोला बाहर निकली और व्यापारियों से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया। मामले में कार्रवाई के आश्वासन के बाद व्यापारियों का गुस्सा शांत हुआ। इस मौके पर राजेश चावला, सुनील ठुकराल, मनोज छाबड़ा, पवन गाबा, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार