बहराइच: सड़क हादसों में प्राइवेट बैंक कर्मी समेत पांच की मौत, तीन घायल
बाराबंकी जनपद का निवासी है मृत बैंक कर्मी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे
बहराइच/नानपारा, अमृत विचार। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में सड़क हादसे हो गए। सड़क हादसों में बाराबंकी निवासी एक प्राइवेट बैंक कर्मी समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हुए हैं, घायलों को जिला अस्पताल पहुंचा कर भर्ती कराया गया है। नानपारा क्षेत्र में मंगलवार को बाइक सवार लोगों को डीसीएम ने टक्कर मार दी। जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सर्रा मुंदरी निवासी जितेंद्र कुमार (24) पुत्र रामखेलावन, गांव निवासी रोहित पुत्र नलकुन्ना और सुशील पुत्र धर्मराज के साथ बाइक संख्या यूपी 40 वाई 5114 से मंगलवार सुबह नानपारा आए थे। सुबह 11:00 बजे के आसपास सभी बाइक से वापस अपने गांव जा रहे थे। कोतवाली नानपारा अंतर्गत लखीमपुर मार्ग पर इमलिया गांव के पास बाइक सवार पहुंचे।
तभी लखीमपुर की ओर से आ रही डीसीएम वाहन ने तेज रफ्तार में बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने जितेंद्र और रोहित को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुशील पुत्र धर्मराज गंभीर रूप से घायल है जिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया है। कोतवाल मिथिलेश कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
राम गांव थाना क्षेत्र के लौकना गांव निवासी जनार्दन (38) पुत्र रामनारायण सोमवार को सब्जी खरीदने के लिए बाजार गए थे। थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि सब्जी खरीद कर जनार्दन साइकिल से वापस अपने गांव लौट रहा था गांव के निकट पहुंचने पर एक बाइक सवार ने पीछे से तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। ग्रामीण की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
फखरपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी शांति देवी पत्नी ओंकार नाथ शुक्ला अपने रिश्तेदार परमेश्वर शुक्ला पुत्र चंद्रिका प्रसाद के साथ बाइक से सोमवार को टिकोरा मोड़ स्थित एक रिसॉर्ट में विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आई थी। विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने गांव जा रहे थे। लखनऊ बहराइच मार्ग पर कीर्तनपुर के निकट बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
मौके पर ही महिला की मौत होगी जबकि रिश्तेदार परमेश्वर का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उधर बाराबंकी जनपद के रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के पूरे हनुमत सिंह निवासी रोहित सिंह (27) पुत्र जय नंदन सिंह सोमवार को जिले के कैसरगंज में आए थे। वह शाम को स्कूटी से वापस अपने कमरे पर जा रहे थे लखनऊ बहराइच मार्ग पर कोठार गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे हादसे में रोहित की मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने सभी मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही दुर्घटना का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को ही की थी जॉइनिंग
बाराबंकी जनपद के रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के पूरे हनुमत सिंह गांव निवासी रोहित सिंह पुत्र जय नंदन सिंह का इंडसइंड प्राइवेट बैंक में चयन हुआ है। सोमवार को रोहित बाराबंकी से कैसरगंज पहुंचे उन्होंने भारत फाइनेंस इंश्योरेंस लिमिटेड पद के लिए जॉइनिंग की थी और रात में ही हादसे में मौत हो गई।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: दो महिलाओं ने फंदा लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
