हल्द्वानी: तापमान में बढ़ा अंतर और बढ़ गए दमा एलर्जी के मरीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बदलते मौसम में दिन और रात के तापमान में भारी अंतर आ रहा है। इन दिनों अधिकतम और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री का अंतर चल रहा है। जिस वजह से बीमारियां भी बढ़ रहीं हैं। डॉक्टरों के अनुसार लोगों की लापरवाही और बदलते मौसम की वजह से बीमारों की संख्या बढ़ रही है। साथ ही सरकारी अस्पताल की ओपीडी में दमा, एलर्जी, वायरल के रोगी ज्यादा पहुंच रहे हैं।

गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री था। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री का अंतर रहा। इन दिनों सुबह से ही धूप निकल रही और दोपहर होते ही धूप चटख हो रही है। साथ ही अपरान्ह के बाद ठंड बढ़ना शुरू हो रही है। शाम होने के साथ ही तापमान में अचानक गिरावट आ रही और रात को मौसम दिन की अपेक्षा काफी ठंडा हो रहा है। इस वजह से सर्दी, खांसी, जुकाम के मरीज बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही दमा और एलर्जी के रोगियों की भी संख्या बढ़ रही है। कम पानी पीने की वजह से लोगों को यूरीन इंफेक्शन भी हो रहा है। 

फिजिशियन देख रहे 200 से 250 मरीज
हल्द्वानी। बेस अस्पताल की ओपीडी में एक ही दिन में 200 से 250 मरीज पहुंच रहे हैं। सुबह से ही मरीजों की लंबी कतार लग रही है। डॉक्टर समय बीत जाने के बाद भी मरीजों को देख रहे हैं। अन्य अस्पतालों का भी यही हाल है।

ऐसे रखें अपना ध्यान
-दिन में भी पूरे आस्तीन के गर्म कपड़े पहनें
-कपड़ों की लेयर बनाकर पहनें।
-गुनगुना पानी ही लें, शीतल पेय से बचें।
-बाहर का खाना बिल्कुल नहीं खाएं।
-बीमार होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

दिन में चटख धूप और रात को ठंड होने से बीमारों की संख्या बढ़ रही है। ऐसा मौसम दमा और एलर्जी के मरीज बढ़ाता है। बदलते मौसम में लोग अपना ध्यान रखें।

-डॉ. विनिता निखुर्पा, फिजिशियन, बेस अस्पताल, हल्द्वानी

संबंधित समाचार