बरेली: 5625 आवेदकों को जल्द मिलेंगे आवास, निर्माण की मंजूरी के साथ नींव रखी
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगर निगम, नगर पंचायत और नगर पालिका क्षेत्रों के लंबित आवेदकों के आवास बनने का समय अब आ गया है। राज्य सरकार ने 5625 आवासों के निर्माण की मंजूरी देने के साथ बजट भी जारी कर दिया है। शुक्रवार से नए आवासों का भूमि पूजन भी शुरू हो गया है।
जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के अनुसार नगर निगम में 2420, आंवला नगर पालिका में 698, बहेड़ी नगर पालिका में 27, रिठौरा नगर पंचायत में 509, फरीदपुर नगर पालिका में 592, शीशगढ़ नगर पंचायत में 1142 एवं सिरौली नगर पंचायत में 237 समेत कुल 5625 आवासों का निर्माण होना है।
शुक्रवार काे नगर निगम में 12 लाभार्थियों व अन्य स्थानीय निकायों में 10-10 लाभार्थियों का भूमि पूजन कराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। अन्य स्थानों पर भूमि पूजन कार्यक्रम 10 दिसंबर तक चलेगा।
सूडा निदेशक ने नए का भूमि पूजन कर बने आवास के लाभार्थियों को चाबी सौंपी
प्रधानमंत्री आवास योजना ( शहरी) के तहत शुक्रवार काे नगर निगम के साथ नगर पालिका परिषद आंवला, फरीदपुर, बहेड़ी व नगर पंचायत शीशगढ़, सिरौली, रिठौरा में भूमि पूजन कार्यक्रम हुए। सूडा निदेशक अनिल पाठक ने स्टेडियम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूरे हुए आवासों के लाभार्थियों में राजकुमारी, राजेश कनौजिया, चमेली देवी, मीनाक्षी एवं प्रेम शंकर को प्रतीकात्मक चाबी का वितरण किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना में गीता, विद्या देवी, राजा राम, रोहित कष्यप, उस्मान, साजिद, निशा रानी, कामिल एवं सितारा बेगम को प्रथम किश्त के रूप में अवमुक्त धनराशि 50,000 रुपये के लिए स्वीकृति पत्र वितरित किए।
पीएम स्वनिधि योजना में पथ विक्रेता जगदीश, सलीम, रमेश चन्द्र, आशीष सक्सेना, नजम, सुनील, चेतराम, सुशील, राजू, प्रदीप को डिजिटल ट्रांजेक्शन एवं प्रथम, द्वितीय व तृतीय ऋण प्राप्त करने वालों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। निधि गुप्ता वत्स नगर आयुक्त, अजीत कुमार अपर नगर आयुक्त/परियोजना अधिकारी डूडा एवं अनिल कुमार वनमंत्री के प्रतिनिधि और पार्षद उपस्थित रहे।
20551 आवास हो चुके हैं पूरे
इस योजना में लाभार्थी को अनुदान धनराशि 2 लाख 50 हजार उपलब्ध कराई जाती है। अभी तक योजना के तहत 32460 आवास स्वीकृत हो चुके हैं। जिसमें से प्रथम किस्त 29198, द्वितीय किस्त 25760 और तृतीय किस्त 19555 लाभार्थियों को अवमुक्त की जा चुकी है। कुल 20551 आवास पूरे हो चुके हैं।
आज मनोहर भूषण इंटर कॉलेज परिसर में भूमि पूजन कार्यक्रम
मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में शनिवार को सामूहिक भूमि पूजन कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। इसमें मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे।
ये भी पढ़ें: बरेली: पोर्टल पर दर्ज नहीं हो रहे कब्जा मुक्त जमीनों के मामले...यह उचित नहीं
