हल्द्वानी: कॉर्मशियल टोयोटा प्रबंधक पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने हल्द्वानी स्थित टोयोटा शोरूम से करीब 8 लाख रुपये में कार खरीदी। परिवहन विभाग ने कार को रजिस्टर्ड करने से मना कर दिया और बताया कि ये मॉडल सरकार की ओर से अनुमोदित नहीं है। अब ग्राहक ने शोरूम प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज कराया है।

संजय नगर बाजपुर निवासी दलजीत सिंह ने एसएसपी नैनीताल को सौंपे शिकायती पत्र में कहा कि 26 जून 2014 को उसने कॉर्मशियल टोयोटा बरेली रोड से कंपनी की एक कार खरीदी। जिसके एवज में शोरूम स्वामी को 7.57 लाख रुपये दिए। एआरटीओ काशीपुर ने कार का रजिस्ट्रेशन करने से मना कर दिया और बताया कि ये मॉडल सरकार की ओर से अनुमोदित नहीं है।

ठगी का अहसास होने पर दलजीत ने शोरूम प्रबंधक से बात की लेकिन वहां से कोई राहत नहीं मिली। बाद में दलजीत ने उपभोक्ता फोरम ऊधमसिंह नगर में इस मामले को लेकर वाद दर्ज कराया। जहां से आदेश आया कि दलजीत कार को शोरूम में वापस कर दे और शोरूम प्रबंधक उसके रुपये लौटा दे।

दलजीत ने 20 फरवरी 2018 को कार शोरूम प्रबंधक को वापस कर दी लेकिन शोरूम प्रबंधक की ओर से दलजीत को उसके रुपये नहीं लौटाए गए। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने शोरूम प्रबंधक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। 

संबंधित समाचार