अल्मोड़ा: सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो लोकसभा चुनावों का करेंगे बहिष्कार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। लमगड़ा विकास खंड के सांगड़ साहू के ग्रामीणों ने लंबी मांग के बाद भी सड़क का निर्माण ना होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क का निर्माण ना होने पर आगामी लोकसभा चुनावों के बहिष्कार और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। लमगड़ा ब्लॉक के सांगड़ साहू के ग्रामीणों का कहना है कि सांगड़ साहू के दुबरौली तोक से काने पुनौली तक सड़क 2016 में स्वीकृत हो चुकी थी।

इसके बाद विभाग ने स्थलीय सर्वेक्षण भी किया गया। लेकिन आज तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता हरीश सिंह सांगड़ी का कहना है कि सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बुजुर्ग, गर्भवती, महिलाएं और बच्चे आए दिन दुश्वारियां झेलते हैं।

सड़क के अभाव में गांव से तेजी से पलायन भी हो रहा है। सांगड़ी ने बताया कि गांव में अब कुछ ही परिवार शेष रह गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण कई बार लोनिवि को पत्र भेजकर स्वीकृत सड़क मार्ग के निर्माण की मांग कर चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी ग्रामीणों की मांग पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिस कारण अब गांव के ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है। सांगड़ी ने कहा कि कि विभागीय उपेक्षा से आजिज आए ग्रामीणों ने अब 2024 के लोकसभा चुनाव के बहिष्कार व उग्र आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।

संबंधित समाचार