किच्छा: नियमों का पालन न करने वाले मैजिक चालकों पर होगी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। रुद्रपुर-किच्छा-शक्तिफार्म मार्ग पर संचालित निजी बस एवं मैजिक संचालकों के बीच रूट को लेकर चल रहा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। बस यूनियन के तमाम पदाधिकारी परिवहन विभाग की ओर से जारी परमिट के अनुसार ही मैजिक वाहनों का संचालन करने की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई का आग्रह किया।

प्रभारी निरीक्षक ने आरटीओ से दूरभाष पर वार्ता के बाद मैजिक चालकों को फटकार लगाई और नियमानुसार वाहन चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा वाहन के परमिट निरस्त करने की संस्तुति की जाएगी।

रुद्रपुर किच्छा से शक्तिफार्म मार्ग पर संचालित किच्छा शक्तिफार्म बस यूनियन के तमाम पदाधिकारी बुधवार को यूनियन अध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा को समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द कार्रवाई का आग्रह किया। 

यूनियन के अध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा बस संचालकों को स्टेज कैरिज परमिट जारी कर किच्छा से शक्तिफार्म मार्ग पर जहां-तहां से सवारियां बैठाने एवं उतारने की परमिशन दी गई है तथा मैजिक वाहनों को कॉन्ट्रैक्ट परमिट जारी कर रुद्रपुर से शक्तिफार्म तक रास्ते में सवारियों को बिना उतारे एवं बैठाए परमिट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि मैजिक परमिट के अनुसार वाहन चालक रुद्रपुर से सवारियां लेने के बाद शक्तिफार्म तक बिना रुके तथा रास्ते में किसी भी क्षेत्र से सवारियां बैठाने की अनुमति नहीं होगी।

बस संचालकों ने आरोप लगाया कि बावजूद इसके मैजिक चालक गुंडागर्दी एवं मनमानी के बल पर रुद्रपुर से सवारियां बिठाने के बाद लालपुर, देवरिया, किच्छा, पुलभट्टा, उत्तम नगर, शहदौरा आदि क्षेत्रों में खुलेआम सवारियां उतारने तथा बैठा रहे हैं। विरोध करने पर मैजिक चालक गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। इस दौरान मैजिक संचालक भी मौके पर पहुंच गए। 

दोनों पक्षों से परमिट की छाया प्रति देखने तथा वार्ता के बाद प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने आरटीओ से दूरभाष पर वार्ता कर परमिट को लेकर जानकारी हासिल की और मैजिक चालकों को फटकार लगाई। मौके पर संजय सिंघल, वेद प्रकाश सिंह, त्रिलोक सिंह नेगी, अहमद यार खान, लियाकत खान, मुंशी आशुतोष त्रिपाठी, अमित गंगवार, मोहित रौतेला, सावन सिंह आदि मौजूद रहे। 

संबंधित समाचार