हल्द्वानी: ड्यूटी से लौटे डाकिया की सोते वक्त मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। दोपहर ड्यूटी से लौट कर घर पहुंचा डाकिया सोने चला गया। कुछ देर बाद आवाज लगाने और उठाने पर भी जब शरीर में हलचल नहीं हुई तो परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डाकिया की मौत की वजह जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
ढाका खेत ज्योलीकोट तल्लीताल नैनीताल निवासी कुंदन सिंह बिष्ट (59 वर्ष) वीर भट्टी पोस्ट ऑफिस में डाकिया के पद पर तैनात था। मंगल पड़ाव चौकी के एएसआई हीरा सिंह ने बताया कि गुरुवार को कुंदन ड्यूटी से शाम करीब 3 बजे घर लौटे और सो गए। कुछ देर बाद उनकी पत्नी ने उठाने की कोशिश भी की लेकिन शरीर में हलचल तक नहीं हुई। इसके बाद घर में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें लेकर बेस अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
