पीलीभीत: नेपाल में छिपे माफिया एजाज को योगी सरकार में सताया डर, जेल को सुरक्षित मान कर दिया सरेंडर, जानिए पूरा मामला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसी साल राज्य के जिन 64 माफियाओं की सूची जारी की थी। उसमें शामिल बरेली मंडल के इकलौते माफिया एजाज कुरैशी ने पुलिस के डर से सरेंडर कर दिया है। बताते हैं कि वह लंबे समय से नेपाल में रह रहा था। इस बीच उसका शेरपुर आना-जाना भी बना रहता था। पुलिस उसकी धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही थी। खुद पर शिकंजा कसता देख उसने जेल जाने में ही भलाई समझी। नतीजतन सरेंडर करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।  

बता दें कि एजाज कुरैशी कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर गांव का रहने वाला है। शुरुआत में वह पशुओं का कारोबार करता था। इसी बीच गोकशी का धंधेबाज बन गया। उसकी करोड़ों की संपत्ति के साथ ही आपराधिक रिकॉर्ड भी बनाता गया। वर्तमान में उसके विरुद्ध 27 मुकदमें दर्ज हैं। कोतवाली का वह हिस्ट्रीशीटर है। पांच मुकदमों में सजा भी मिल चुकी है।  आपराधिक हिस्ट्री के चलते ही गत वर्ष 22 अप्रैल 2022 को पुलिस ने एजाज की करीब 1.83 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त की थी। पिछले साल पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के तहत करीब 56 लाख का उसका मकान जब्त किया था। एजाज को पुलिस कार्रवाई का खौफ सताने लगा। बताते हैं कि वह शेरपुर आता तो था लेकिन इसकी भनक उसके बेहद करीबियों को भी नहीं लगती थी।

सितंबर माह में शेरपुर में पुलिस की पशु तस्करों से मुठभेड़ हुई थी। एक तस्कर को गोली भी लगी थी। राज्य सरकार ने माफियाओं की जो सूची घोषित कर रखी है। उसमें अधिकांश पश्चिम के माफिया हैं। पीलीभीत जिले से एजाज कुरैशी एकमात्र घोषित माफिया है। यहां तक कि इस सूची में बरेली मंडल से भी कोई दूसरा नाम शामिल नहीं था। नेपाल में भी उसके संपर्क थे। सरेंडर करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वह नेपाल से पीलीभीत आया। 

-एजाज कुरैशी पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए थी। उसकी धरपकड़ को प्रयास किए जा रहे थे। करीब पांच दिन पूर्व उसने न्यायालय में सरेंडर कर दिया था। उसे जेल भेजा गया है। - आलोक सिंह, सीओ पूरनपुर

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: किसान नेताओं ऐलान- करेंगे डीएम का घेराव, बोले- बिना रिश्वत नहीं हो पा रहे छिटपुट काम! 

संबंधित समाचार