पंतनगर: 108वें किसान मेले में बीजों की बिक्री हेतु वेबसाइट का शुभारंभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंतनगर,अमृत विचार। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित 108वें अखिल भारतीय किसान मेले के अन्तर्गत बीजों की बिक्री की प्रक्रिया हेतु वेबसाइट www.pantkisanservice.com का उद्घाटन कुलपति डा. तेज प्रताप द्वारा वर्चुअल मोड (ऑनलाइन) पर प्रौद्योगिक महाविद्यालय के सभागार में बटन दबाकर किया गया। यह वेबसाइट प्रसार शिक्षा निदेशक की देख-रेख में संचालित होगी। कुलपति डा. तेज प्रताप ने …

पंतनगर,अमृत विचार। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित 108वें अखिल भारतीय किसान मेले के अन्तर्गत बीजों की बिक्री की प्रक्रिया हेतु वेबसाइट www.pantkisanservice.com का उद्घाटन कुलपति डा. तेज प्रताप द्वारा वर्चुअल मोड (ऑनलाइन) पर प्रौद्योगिक महाविद्यालय के सभागार में बटन दबाकर किया गया। यह वेबसाइट प्रसार शिक्षा निदेशक की देख-रेख में संचालित होगी।

कुलपति डा. तेज प्रताप ने बताया कि कोविड-19 के चलते पंतनगर विश्वविद्यालय में किसान मेला वर्चुअल मोड में आयोजित हो रहा है। किसान उन्नतशील बीज, पौधे एवं अन्य उत्पादों की खरीदारी के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करके सामाग्रियों को क्रय कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस वेबसाइट पर लगभग 200 से अधिक कृषि उत्पाद उपलब्ध है।

डा. प्रताप ने बताया कि यह एक नयी शुरूआत है और आने वाले समय में यह सुविधा पूरे वर्ष किसानों के लिए खुली रह सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सामग्री उपलब्ध कराये ताकि उन्हें कोई असुविधा ना हो। डा. प्रताप ने सभी के.वी.के. के प्रभारियों से कहा कि वे किसानों को बीज बिक्री हेतु वेबसाइट की जानकारी एवं प्रशिक्षण दें।

इस वेबसाइट के निर्माण में अधिष्ठात्री प्रौद्योगिक महाविद्यालय डा. अलकनन्दा अशोक एवं उनकी टीम का सहयोग रहा। इस कार्यक्रम का संचालन निदेशक प्रसार शिक्षा की संयुक्त निदेशक डा. अनुराधा दत्ता ने किया। इस अवसर पर डा. तेज प्रताप द्वारा निदेशक प्रसार शिक्षा की वेबसाइट एवं किसानों को एसएमएस भेज कर बीज बिक्री की शुरूआत की तथा कृषि विज्ञान केन्द्रों से वर्चुअल मोड पर संबंध भी स्थापित किया। कार्यक्रम के अंत में निदेशक प्रसार शिक्षा डा. अनिल कुमार शर्मा ने धन्यवाद प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर अधिष्ठात्री प्रौद्योगिकी डा. अलकनन्दा अशोक, निदेशक शोध डा. एएस नैन; निदेशक संचार डा. एसके बंसल एवं किसान मेला की सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित थे।

संबंधित समाचार