Kannauj News: बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से बालिका की मौत, परिजनों ने विभाग पर आरोप लगा कर काटा हंगामा
कन्नौज में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से बालिका की मौत।
कन्नौज में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से बालिका की मौत हो गई। परिजनों ने विभाग पर आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया।
कन्नौज, अमृत विचार। हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से घर जा रही बालिका चपेट में आ गई जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर। मामले की रिपोर्ट सदर कोतवाली में दर्ज कराई गई है।
सदर कोतवाली के गांव बलारपुर गांव निवासी बीरभान गांव के बाहर सड़क किनारे मकान बना कर रहता है जबकि परिवार के लोग गांव में ही पुराने मकान में रहते हैं। शनिवार को उसकी आठ वर्षीय पुत्री दृष्टया उर्फ मुस्कान दो अन्य बालिकाओं के साथ गांव के मकान में गेंद लेने जा रही थी। रास्ते में भूड़पुर्वा गांव को जा रही हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटा पड़ा था।
सबसे आगे दृष्टया उर्फ मुस्कान के होने से वह पहले तार को लांघने लगी। इसी बीच वह करंट की चपेट में आ गई। उसे करंट की चपेट में आया देख अन्य बालिकाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाइनमैन को फोन लगा कर घटना की जानकारी देने का प्रयास किया पर उसने फोन ही नहीं उठाया। इस पर गांव के लोगों ने लाठी के सहारे किसी तरह करंट की चपेट में आई बालिका को छुड़ाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
करंट से बालिका की मौत के बाद भी बिजली नहीं काटी गई। इससे नाराज गांव के लोगों ने सड़क किनारे शव रख कर हंगामा किया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में मृतक बालिका के पिता ने सदर कोतवाली में बिजली विभाग के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना के संबंध में मृतका के चाचा रामू ने बताया कि जर्जर तार आये दिन टूट जाता है। तार को ठीक कराने के लिये लाइनमैन को फोन करो तो पहले वह पहले तो रिसीव नहीं करता। यदि रिसीव कर भी लिया तो 500 रुपये देने पर ही तार को ठीक किया जाता है। इस जर्जर तार को बदलवाने के लिये लाइनमैन से कई बार शिकायत की पर नहीं बदला गया। यदि नया तार लग जाता तो उसकी भतीजी की मौत नहीं होती। पुलिस ने गांव पहुंच कर शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम कराया।
इस संबंध में एक्सईएन मगन सिंह ने बताया कि संबंधित लाइनमैन पर लगे आरोपों की जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही हैं तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। टीम भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा और अगर तार जर्जर हैं तो बदलवाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: एक और कारीगर सोना लेकर हुआ फरार, आरोपी की आईडी भी निकली फर्जी, पुलिस तलाश में जुटी
