रामपुर : जन शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, नहीं हुई शव की शिनाख्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सूचना पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ शिनाख्त में जुटी, कोटा रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर दूर ग्रामीणों ने क्षत-विक्षत शव देखा

बिलासपुर,(रामपुर) अमृत विचार। जन शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई।  सूचना पर पहुंची जीआरपी,आरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने पटरी पर क्षत-विक्षत पड़े शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने में जुट गई। हालांकि युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। काफी देर तक पुलिस मौके पर मौजूद रही और लोगों से पूछताछ करती रही। 

घटना नगरिया कलां गांव स्थित रेलवे लाइन की है। रविवार सुबह केमरी रोड पर कोटा रेलवे स्टेशन से करीब पांच सौ मीटर दूर गांव के रेलवे लाइन पर गेट संख्या 55 बी टू से पहले कुछ ग्रामीण उधर से गुजर रहे थे। तभी उन्हें पटरी पर शव के टुकड़े पड़े दिखे। जिससे उनमें हड़कंप मच गया। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली के उप निरीक्षक रामवीर सिंह ने घटनास्थल पर क्षत-विक्षत युवक के शव के  टुकड़ों को एकत्रित कराकर अपने कब्जे में लिया। साथ ही उसकी शिनाख्त कराने में जुट गए।

मामले को लेकर स्टेशन मास्टर विपिन कुमार सिन्हा ने बताया कि दिल्ली से चलकर जन शताब्दी एक्सप्रेस 9 बजकर 58 मिनट पर स्टेशन से गुजरती हुई उत्तराखंड के लिए रवाना हुई। स्टापेज न होने के कारण यह गाड़ी करीब सौ की स्पीड से चलती है। घटना स्टेशन से पांच सौ मीटर दूर गेट संख्या 55 बी टू से पहले नहर के पास हुई है। फिलहाल जीआरपी व आरपीएफ को सूचित कर दिया गया है। मृतक 35 वर्षीय प्रतीत हो रहा है।उन्होंने बताया मृतक के पास से अभी कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके।

कहीं ट्रेन के आगे आकर युवक ने आत्महत्या तो नहीं की
जिस तरह से ट्रेन  की चपेट में आने से युवक का शव पूरी तरह से क्षत विक्षत हो गया है, ऐसा तो नही की युवक ने किसी परेशानी के चलते खुद ही ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि अभी तक पुलिस उसकी शिनाख्त नहीं करा सकी है। शिनाख्त होने के बाद ही पुलिस आगे की जांच तक पहुंचेगी।

ये भी पढ़ें : रामपुर : नौ दिन की बच्ची को ससुरालियों ने मां से किया दूर, बच्ची की गिरने से मौत...पिता समेत चार पर रिपोर्ट

संबंधित समाचार