रामनगर: किन्नर याना खान ने बताया खुद की जान को खतरा...मांगी सुरक्षा
रामनगर, अमृत विचार। किन्नर समाज की गुरु याना खाना द्वारा अपनी जान माल का खतरा बताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंप सुरक्षा की गुहार लगाई है।
रामनगर की समाजसेवी किन्नर याना खान ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस के सामने कुछ अज्ञात लोगों से अपनी जान माल का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। किन्नर याना खान ने बताया कि 12 दिसंबर की रात को कुछ अज्ञात लोग उनके घर में घुस गए और गाली गलौज करने के साथ ही अभद्रता भी की।
जिसकी रिपोर्ट उनके द्वारा कोतवाली पुलिस में दर्ज कराई गई थी तो वहीं उन्होंने आज फिर कोतवाली पहुंचकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सोमवार की रात फिर कुछ अज्ञात बदमाश उनके घर में घुसे और गाली गलौज करने के साथ ही धमकी देने लगे।
उन्होंने कहा कि उनको तथा उनके साथ रहने वाले अन्य किन्नरों को जान माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से इस मामले में कार्रवाई कर सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उधर एसएसआई मनोज नयाल ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है तथा जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
