अल्मोड़ा: समाजसेविका मनाेरमा जोशी को मिला दधीचि सम्मान
अल्मोड़ा, अमृत विचार। दो दशक पहले से मानसिक व शारीरिक रूप से दिव्यांग बच्चों के जीवन में रोशनी लाने का जिम्मा उठा रही अल्मोड़ा की समाजसेविका एवं पूर्व प्रवक्ता मनोरमा जोशी को दधीचि सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान प्लस अप्रोच फाउंडेशन दिल्ली ने प्रदान किया है। जिससे अल्मोड़ा जनपद का गौरव बढ़ा है।
दो दशक पहले से अल्मोड़ा के खत्याड़ी में दिव्यांग बच्चों का जीवन सुधारने व उन्हें समाज की मुख्य की धारा में लाने का चुनौतीपूर्ण कार्य कर रही मनोरमा जोशी वृद्धावस्था में भी समाज के मूक, बधिर व शारीरिक रुप से दिव्यांग बच्चों को काबिल बनाने के काम में लगी हुई हैं।
ऐसे बच्चों के लिए वह स्वयं के संसाधनों से मंगलदीप विद्या मंदिर नामक संस्था चला रही हैं और ऐसे बच्चों का भविष्य संवारने का काम कर रही हैं। उनके इसी उल्लेखनीय व चुनौतीपूर्ण कार्य को देखते हुए प्लस अप्रोच फाउंडेशन दिल्ली ने इस बार उन्हें दिल्ली में दधीची सम्मान से सम्मानित किया।
जो पूरे अल्मोड़ा के लिए गौरव की बात है। उन्हें यह सम्मान देश के नामी हास्य कवि अशोक चक्रधर, ख्याति प्राप्त पत्रकार विनोद अग्निहोत्री, पद्मश्री अनिल जोशी, प्लस अप्रोच फाउंडेशन के अध्यक्ष आरसी गुप्ता व मेंटोर आशुतोष कर्नाटक ने संयुक्त रुप से प्रदान किया। कार्यक्रम में उनके साथ अल्मोड़ा से समाजसेवी मनोज सनवाल, भारती पांडे, विद्या कर्नाटक, रणविजय, नमिता तिवारी, सतीश, गजेंद्र पाठक आदि भी शामिल रहे।
