बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आठ करोड़ बकाया वसूलने पहुंचे सीटीओ
विश्वविद्यालय ने फिर से टैक्स का निर्धारण करने का किया अनुरोध
बरेली, अमृत विचार : सरकारी विभागों से करोड़ों रुपये का बकाया वसूलने के लिए नगर निगम सक्रिय हो गया है, ताकि मार्च तक विभागों से टैक्स मिल जाए। बुधवार को निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्रा विश्वविद्यालय पहुंचे और आठ करोड़ का टैक्स अदा करने के लिए रजिस्ट्रार अजय कुमार यादव से वार्ता की।
निगम का आईवीआरआई, बरेली कॉलेज, रुहेलखंड विश्वविद्यालय पर करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया है। हर साल नए टैक्स के साथ साथ ब्याज जुड़ने से यह रकम बढ़ती जा रही है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्रा ने बताया कि रजिस्ट्रार और डिप्टी रजिस्ट्रार के साथ वार्ता हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नगर निगम से टैक्स का निर्धारण फिर से करने का अनुरोध किया है। उनका मानना है कि निगम का टैक्स गलत लगा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें सभी भवनों की नापजोख सहित टैक्स क्षेत्र की माप देकर इसके अनुसार टैक्स बिल देने को कहा है। उन्होंने बताया कि टैक्स नया नहीं लगा है, फिर भी जो माप दी गई हैं निगम में उपलब्ध माप से उसका मिलान करके टैक्स लगने की जांच कर ली जाएगी। निगम स्तर से यदि कोई त्रुटि होगी तो उसमें सुधार किया जाएगा। रजिस्ट्रार ने आश्वस्त किया है कि वह टैक्स देने को तैयार हैं।
ये भी पढ़ें - बरेली: सांसद की फेसबुक आईडी हैक कर ट्रांसफर और पोस्टिंग के लिए मांगे रुपये
