हरदोई मेडिकल कॉलेज: तीन दिन में तीन वार्डों में किया शिफ्ट, बिगड़ी हालत तो कर दिया रेफर
हरदोई। वैसे तो मेडिकल कॉलेज में आए दिन कोई न कोई नया बाखेड़ा रोज देखने को मिलता है। अबकी बार तो डाक्टरों ने हद ही कर दी। सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराए गए मरीज को तीन दिन में तीन वार्डों में रिफर किया गया। सर्जिकल से मेडिसिन और फिर मेडिसिन से सर्जिकल वार्ड के चक्कर लगाते-लगाते जब मरीज की सांसें उखड़ने लगी तो जवाबदेही से बचने के लिए उसे लखनऊ के लिए रिफर कर दिया गया।
इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. देश दीपक तिवारी का कहना है कि फिलहाल उनके पास ऐसी कोई बात नहीं आई है, शिकायत आते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि टड़ियावां थाने के खाड़ाखेड़ा गांव निवासी 65 वर्षीय उस्मान पुत्र चौधी को पेशाब में दिक्कत थी। मेडिकल कालेज के सर्जन डॉ. अरविंद शर्मा को दिखाया गया, जिस पर उन्होंने अल्ट्रासाउंड कराया और कई जांचे कराई।
जांच रिपोर्ट में पथरी के साथ-साथ यूरिन एसिड काफी बढ़ा हुआ था। डॉ. शर्मा ने 16 दिसंबर को भर्ती कर लिया। सर्जिकल वार्ड में भर्ती हुए उस्मान का दो दिन इलाज चला, उसके बाद फिजिशियन को केस ट्रांसफर कर दिया गया। वहां से उस्मान को मेडिसिन वार्ड के लिए रिफर किया गया।
वहां एक दिन रुकने के बाद फिर सर्जिकल वार्ड के लिए रिफर कर दिया गया। वहां एक रात रुकने के बाद फिर मेडिसिन वार्ड के लिए रिफर कर दिया गया। एक वार्ड से दूसरे वार्ड के चक्कर लगाने से मरीज़ की जब सांसे उखड़ने लगी और उसने दर्द की शिकायत कही तो मंगलवार को उसे लखनऊ के लिए रिफर कर दिया गया।
उसके घर वाले मंगलवार को सारे दिन लखनऊ में आने वाले खर्च के लिए इधर-उधर से पैसे जुटाते रहे, फिर उसके बाद बुधवार को उसे लखनऊ ले गए। इस बारे में खुद उस्मान के पुत्र वसीम ने बताया कि खुद डाक्टरों ने उससे कहा था कि उन्हें कुछ समझ में नहीं आ रहा है। ऐसे में वो क्या इलाज करें।
एक उस्मान ही नहीं, न जाने उसके जैसे कितने मरीज़ होंगे जो इसी तरह चक्कर लगाते-लगाते थक कर या तो किसी निजी हास्पिटल का सहारा लेते हैं या फिर इसी तरह तिल-तिल कर मरने के लिए यूं ही पड़े रहते है। इस बारे में मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डा.देशदीपक तिवारी का कहना है कि अगर ऐसा हुआ तो बहुत गलत है। उनके पास फिलहाल ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: अराजक तत्वों ने तोड़ा विधायक के नाम का लोकार्पण पत्थर
