संभल: गूंजी खुशियों की शहनाई, एक दूजे के हुए 120 जोड़े... खिले परिजनों के चेहरे
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कार्यक्रम, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, डीएम , सीडीओ व अन्य अधिकारी रहे मौजूद
संभल, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दो विकासखंडों और दो नगरीय निकायों के 120 जोड़ों का सामूहिक विवाह रस्मों रिवाज के साथ संपन्न हुआ। जिसमें 106 जोड़े हिंदू और 14 जोड़े मुस्लिम शामिल रहे। जोड़ों को अधिकारियों ने योजना के तहत दहेज का सामान सौंपा। वहीं बेटियों का विवाह संपन्न होने पर परिजनों के चेहरे भी खिल उठे।
जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को लेकर जोड़ों का विवाह कराने के लिए शनिवार को संभल-हसनपुर मार्ग पर स्थित एके रिसोर्ट में विवाह कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें सुबह से ही जोड़ों को लेकर परिजनों का पहुंचना शुरू हो गया। एक तरफ जहां पंडितों ने हिंदू जोड़ों से यज्ञवेदी में आहुतियां दिलाकर फेरों के साथ विभिन्न रस्में कराई गईं, वहीं दूसरी तरफ मौलवियों ने मुस्लिम जोड़ों को निकाह पढ़ाया। जोड़ों का विवाह संपन्न होने पर बेटियों के परिजनों के चेहरे भी खिले रहे। योजना के तहत जोड़ों को दहेज का सामान भी सौंपा गया।
अधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह ने नगर पालिका परिषद संभल और नगर पंचायत सिरसी क्षेत्र के जोड़ों को सामान दिया। विवाह कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, डीएम मनीष बंसल, सीडीओ कमलेश सचान समेत कई अधिकारी पहुंचे। भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजना से गरीब बेटियों का विवाह कराया जा रहा है।
जिससे गरीब परिवारों का बेटियों की शादी का सपना पूरा हो रहा है। जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्रभूषण ने बताया कि विकास खंड संभल के 57, असमोली के 42, नगर पालिका परिषद संभल के 19 और नगर पंचायत सिरसी के दो जोड़ों का विवाह कराया गया है। इस दौरान बीडीओ संभल प्रेमपाल सिंह, बीडीओ असमोली अजीत सिंह आदि अधिकारी रहे।
ये भी पढ़ें:- संभल: किसानों ने फसल बर्बाद कर रहे आवारा पशुओं को किया बर्फ फैक्टरी परिसर में बंद
