जन्मदिन विशेष : दिनेश चंद्र के प्रचार में आए थे अटल जी, मुरादाबाद से था गहरा नाता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जनसंघ नेत्री शकुंतला सिक्का की अगुवाई में रवाना की थी रैली, टाउनहाल के मैदान में चुनावी जनसभा को किया था संबोधित

आशुतोष मिश्र, अमृत विचार। भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का मुरादाबाद से गहरा नाता था। सबसे पहले वह दिनेश चंद्र रस्तोगी के चुनाव प्रचार में आए थे। इसके बाद भी तीन बार यहां आए। चुनावी सभाओं को संबोधित किया और पीतलनगरी से अपना रिश्ता जोड़ा। तब भारतीय जनसंघ की महिला शाखा की अध्यक्ष शकुंतला सिक्का के घर भी गए। 

टाउन हाल के मैदान में उनकी यहां पहली चुनावी सभा हुई। इसके बाद भी तीन बार यहां आए। उनके विचार सुनने वालों की हर बार भीड़ रही। इतिहासकार प्रो.अजय अनुपम अटल बिहारी वाजपेयी की उस चुनावी सभा के श्रोता रहे। बताते हैं कि बात 1974 की है। तब यहां से दिनेश चंद्र रस्तोगी भारतीय जनसंघ के प्रत्याशी थी। उनके चुनाव में महिलाओं की रैली निकली थी। जिसकी अगुवाई तब की भारतीय जनसंघ की नेत्री शकुन्तला सिक्का ने किया। उस महिला रैली में 900 से अधिक की भीड़ रही। मंडी चौक से निकली रैली टाउन हाल के मैदान तक गई, वहां अटल जी की सभा होनी थी। जनसंघ उम्मीदवार की सभा में पांच से सात हजार तक लोग पहुंचे थे। तब टाउन हाल का क्षेत्र ही सभा स्थल हुआ करता था। 

प्रो.अनुपम कहते हैं कि वह पूरी तरह सकारात्मक सोच के राजनेता थे। करीब पौन घंटे तक लोगों को संबोधित किया, लेकिन किसी भी विपक्ष के राजनेता का नाम नहीं लिया। चुटीली बातें की। हास्य और व्यंग के बाण भी चलाए, जिसका लोगों ने तालियों से स्वागत किया। अनुपम दयानंद सरस्वती के नाम से तब की बम्बई से छपने वाली गो-करुणानिधि पुस्तिका के काव्यानुवाद के लिए अटल बिहारी वाजपेयी से हुए पत्राचार की चर्चा करते हैं। कहते हैं कि 26 साल पहले यानी अक्टूबर 1997 को मेरे पत्र का जवाब दिया। उस जवाबी पत्र में रचित शब्द की गलती रह गई थी, जिसे उन्होंने अपनी कलम से संशोधित किया था। वह पत्र हमारे पास संरक्षित है। पत्रिका में भी उसे प्रकाशित किया गया है।

उधर, भाजपा की स्थानीय डायरी में साल 1985 के विधानसभा चुनाव में शैलेंद्र कुमार जौहरी के प्रचार में अटल के आने के प्रमाण हैं। विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान बताते हैं कि उस समय भी अटल जी को सुनने के लिए भीड़ जुटी थी। पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्र बताते हैं कि 1991 में लोकसभा चुनाव के दौरान बीपी सिंघल का प्रचार करने आए थे। कंपनी बाग में सभा किया था। 1998 में भी लोकसभा चुनाव में विजय बंसल का प्रचार करने आए थे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अधर में रह गईं 414.76 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाएं, अब अधिकारियों को दिखानी होगी तत्परता

संबंधित समाचार