रायबरेली: न्यूनतम तापमान पहुंचा 8 डिग्री, गलन से रात में बढ़ी कंपकपी

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

पहाड़ों पर बर्फबारी से शीतलहर का बढ़ा असर  

अमृत विचार, रायबरेली। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में सर्दी बढ़ने लगी है लेकिन पिछले साल की तुलना में सर्दी का तेवर तल्ख कम है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री जो सामान्य से कम रहा, इस कारण सुबह से लेकर रात तक गलन रही। सुबह भोर पहर से लेकर 10 बजे तक घना कोहरा होने से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर गरीबों को कूड़ा जलाकर सर्दी से राहत पाने के लिए जुगत करनी पड़ रही है। हालांकि अभी अधिकतम तापमान सामान्य से कुछ अधिक है। जिस कारण धूप निकलने से राहत बनी रहती है।

जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के इलाकों में बर्फबारी से मैदान में भी सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है। हालांकि पिछले 10 दिनों से गलन बढ़ने से तापमान में भी गिरावट आ रही है। जिले में सर्दी ने अभी अपना तल्ख तेवर नहीं दिखाया है लेकिन पिछले 10 दिनों से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे बना है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान 23 .4 डिग्री रहा। बढ़ती सर्दी के बीच आज सुबह कोहरा छाया रहा, जिसकी वजह से सुबह तड़के विजिबिलिटी कम रही। दृश्यता सुबह के समय 10 मीटर रही। हालांकि बाद में यह बढ़ गई लेकिन सुबह घना कोहरा होने से वाहन चालकों को संभल कर वाहन चलाना पड़ा।  

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को मौसम संभवत शुष्क ही रहेगा, लेकिन सुबह के समय पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। 31 दिसंबर तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान जताया गया है। इस बीच न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के विशेषज्ञ अजय मिश्रा ने बताया कि हवा चलने से तापमान गिरने लगा है। पिछले साल की तुलना में सर्दी कम है। यदि विक्षोभ का असर हुआ तो तापमान में बड़ी गिरावट हो सकती है। 

ये भी पढ़ें:- रायबरेली: कोरोनाकाल में माता-पिता की मौत होने से बेसहारा हुए बच्चों को मिलेगा सहारा

कोहरा होने से रेंग कर चले वाहन 

अमृत विचार, सलोन, रायबरेली। सलोन में मंगलवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। आलम यह रहा कि 50 मीटर भी देखना मुश्किल हो रहा था। सड़कों पर वाहन लाइट जलाकर रेंगते रहे। सुबह से लेकर दोपहर 12 बजे तक घना कोहरा छाए रहने के चलते लोग घरों में कैद रहे।ठंड के बीच कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।इस कारण विजिबिलिटी कम हो गई है। जनपद से होकर  गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग सलोन जौनपुर हाईवे पर भी वाहन चालकों को इस दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नए साल में कोहरा और ठंड का डबल अटैक बढ़ने की संभावना है।

ये भी पढ़ें:- रायबरेली: जिले की शाम्भवी को मिली वॉलीबॉल यूपी टीम की कमान, अंडर-17 में बनाई गईं कप्तान

संबंधित समाचार