खटीमा: 90 पेटी नेपाली लाइटर लाए जा रहे थे नेपाल से...पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा
खटीमा, अमृत विचार। झनकईया थाने की पुलिस ने रात्रि गस्त के दौरान नेपाल से तस्करी कर पिकप पर लाया जा रहा 90 पेटी नेपाली लाइटर बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद लाइटर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत नौ लाख आंकी गई है।
झनकईया थाने के उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, मनोज देव अपने हमराहान इरफान और ताजुद्दीन के साथ रात्रि में लोहियाहेड रोड पर ग्रस्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें लोहियाहेड की ओर से पिकअप संख्या यूपी 25 ईटी0587 को रोका। पुलिस ने जब पिकप में रखे सामान के कागजात मांगे तो उनके पास कोई कागजात नहीं थे।
पूछताछ में चालक ने स्वयं को नूरी नगर वार्ड 21 बहेड़ी जिला बरेली निवासी इफ्तिखार अहमद और साथ के युवक ने दलपुरा वार्ड 21, बहेड़ी बरेली निवासी समीर बताया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गाड़ी में रखी पेटियों में नेपाली लाइटर है जो वह नेपाल से लाकर यूपी के कई जगह बेचते हैं।
पुलिस ने दोनों को मय पिकप के कब्जे में लेकर थाने ले आए। पिकप में रखी 90 पेटियों में नेपाली लाइटर थे। उपनिरीक्षक शर्मा ने बताया कि प्रत्येक पेटी में 20-20 डिब्बे और प्रत्येक डिब्बे में 50-50 लाइटर कुल 90 हजार लाइटर थे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद लाइटर की कीमत लगभग नौ लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मय पिकप और सामान सहित कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया।
