अल्मोड़ा: किराए पर जमीन देकर आय बढ़ाएगी नगर पालिका, दस दुकानों के लिए हुई टेंडर प्रक्रिया  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। आर्थिक तंगी से जूझ रही नगर पालिका अब किराए पर जमीन देकर अपनी आय बढ़ाएगी। योजना के अनुसार पालिका निविदादाता को जमीन किराए पर देगी। दुकान का निर्माण स्वयं निविदादाता को कराना होगा। पहले चरण में पालिका के प्रशासक जयवर्द्धन शर्मा की मौजूदगी में टेंडर खोले गए जिसमें चयनित निविदादाताओं के नामों की घोषणा की गई।

नगरपालिका अल्मोड़ा ने अपनी आय बढ़ाने के लिए नगर में खाली पड़ी अपनी भूमि को किराए पर देने का निर्णय लिया था ताकि पालिका की आय को बढ़ाया जा सके। पालिका की ओर से पहले चरण में नवंबर में अपनी खाली जमीन पर दुगालखोला में आठ व बालेश्वर वार्ड के ढूंगाधारा में दो दुकानों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद चालीस से अधिक लोगों ने टेंडर डाले थे।

अब प्रशासक जयवर्द्धन शर्मा समेत समिति के अन्य सदस्यों ने निविदादाताओं के सामने आवेदनों का परीक्षण करने के बाद उनका चयन किया। नगर पालिका प्रशासक जयवर्द्धन शर्मा ने कहा कि पालिका की आय बढ़ाने व साथ ही खाली पड़ी जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण और कब्जे को रोकने के लिए पालिका ने इन जमीनों को व्यावसायिक उपयोग के लिए किराए में देने का फैसला लिया है। निविदादाता दुकान व गैराज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा इससे नगर पालिका के आय में इजाफा होने के साथ जमीन भी सुरक्षित होगी। जल्द ही चयनित निविदादाताओं को कार्यादेश जारी कर दिए जाएंगे।

संबंधित समाचार