संभल: घने कोहरे में वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक, ठिठुरा जनमानस

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कोहरे के बीच ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे बच्चे, हाइवे पर रेंग-रेंग कर चले वाहन

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। दिसंबर माह में सिर्फ दो दिन ही बीच में रह गए हैं। इसी के साथ ठंड भी लगातार परवान चढ़ रही है। कोहरे के साथ ठंड तेवर तीखे नजर आ रहे हैं। गुरुवार को घने कोहरे में वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया तो वहीं जनमानस ठिठुर गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री तो न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा। 

बुधवार की देर शाम सात बजे से ही ग्रामीण मार्गों पर कोहरा घिरने लगा था। रात आठ बजे तक शहर के गली मोहल्ले भी घने कोहरे की चादर में लिपट गए। आलम ये हुआ कि घरों के दरवाजे के बाहर नजर नहीं आ रहा था। वहीं तमाम परिवार घर से बाहर आ गए और सड़कों पर पैदल भ्रमण कर कोहरे का आनंद उठाते दिखे। गुरुवार की सुबह जब लोग नींद से उठे तो फिजा में घना कोहरा छाया था। 

जिससे मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाइवे पर वाहनों की रफ्तार मानो थम ही गई। बड़े वाहन ही लाइट जला कर रेंग-रेंग कर गुरजते नजर आए। यहीं आलम ग्रामीण मार्गों का नजर आया। शहर की सड़कों पर भी दुपहिया वाहन भी फर्राटा नहीं भर पा रहे थे। वहीं स्कूली बच्चे सिर से पांव तक गरम कपड़े पहन कर ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। पालिका की ओर से जगह-जगह अलाव जलाए गए।

 ठिठुरन भरी ठंड से राहत पाने के लिए अलाव सेंकते नजर आए। दिन भर सूर्यदेव के दर्शन भी नहीं हुए। छोटे बच्चे स्कूल से आने के बाद घरों में ही कैद रहे। बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन ढलने पर बाजारों में चहल पहल भी कम हो गई। रात आठ बजे के बाद तमाम दुकानदारों ने भी घर की ओर रुख कर दिया। 

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : सेल्समैन पर धारदार हथियार से हमला, 5000 भी लूटे... 10 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार