काशीपुर: बेकाबू कार ने महिलाओं को कुचला, एक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। जंगल से लकड़ी बीनकर घर वापस लौट रही महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। घटना में चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिलाओं को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दो अन्य महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है।

जबकि एक महिला को हल्की चोटें आने पर प्राथमिक इलाज देकर छुट्टी दे दी गई। इधर पुलिस को अभी तक घटना की तहरीर नहीं दी गई है। ग्राम भरतपुर निवासी कुछ महिलाएं पास के ही जंगल से लकड़ी बीनकर गुजर-बसर करती हैं। बृहस्पतिवार सुबह चार महिलाएं जंगल में लकड़ी बीनने गई थीं। दोपहर करीब ढाई बजे पन्नू फार्म के पास सड़क किनारे लकड़ी की गठरी रखकर वह आराम कर रहीं थीं।

इस दौरान एक अनियंत्रित कार ने उन्हें कुचल दिया। आनन-फानन में उन्हें मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शाम के समय अतरकली (43) पत्नी लाखन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतका अपने पीछे तीन पुत्र गौरव, अजय, सतविंदर और पुत्री राधा को छोड़ गई है। इनमें केवल सतविंदर अविवाहित है।

वहीं रामवती पत्नी विनोद और रजनी पत्नी विजेंद्र की हालत नाजुक होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं घटना में घायल एक अन्य महिला पिंकी को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। इधर एसओ कुंडा दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि अभी तक किसी ने भी पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी है। तहरीर मिलने पर आरोपी कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

संबंधित समाचार