संत कबीर नगर: सदर विधायक के पैतृक गांव पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा
संतकबीरनगर। विकसित भारत संकल्प यात्रा यानी प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी वाली एलईडी वैन रविवार को सदर विधायक अंकुर राज तिवारी के पैतृक गांव धर्मपुरा पहुंची। यहां गारंटी वाली गाड़ी के स्वागत का भरपूर इंतजाम किया गया था। सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष जगदम्बा श्रीवास्तव समेत जिले के तमाम भाजपाई दिग्गज पहले से मौजूद थे।
रविवार को ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात के 108वें संस्करण का प्रसारण भी होना था। विकसित भारत संकल्प यात्रा के वाहन पर लगी विशाल एलईडी स्क्रीन पर सभी ने मन की बात सुनी। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से परिचित कराया गया।
जो ग्रामीण योजनाओं से लाभान्वित होने से वंचित रह गए थे उनके आवेदन पत्र भरवाए गए। सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने ऐसा साहस किया है कि अपनी योजनाओं का मूल्यांकन आम जनता के माध्यम से कराया है। देश के कोने कोने में यह गारंटी वैन घूम रही है और वंचितों को योजनाओं से लाभान्वित करा रही है।
उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत काल चल रहा है। देश रामराज्य की तरफ तेजी से अग्रसर है। आगामी 22 जनवरी को भगवान राम अपने दिब्य मंदिर में विराजमान होंगे तो समूचा देश दीपावली मनाएगा। इस मौके पर गर्भधात्री मातृ शक्तियों की गोदभराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी सम्पन्न कराया गया। इस मौके पर जिला महामंत्री गणेश पाण्डेय, अमर राय, कौशलेश सिंह दीपू, भोला अग्रहरि, सतविंदर पाल सिंह जज्जी, मुरलीधर जायसवाल समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : KGMU में जल्द शुरू होगा स्किन बैंक, बर्न मरीजों के इलाज में मिलेगी मदद
