हल्द्वानी: पोस्टमार्टम में पड़े थे बेटों के शव...पार्टियों में तलाश रहे थे परिजन
हल्द्वानी, अमृत विचार। घर से नए साल का जश्न मानने निकले दोस्तों की घर से कुछ ही दूरी पर मौत हो गई। परिजनों को लगा बेटे जश्न में हैं, जबकि दोनों की लाश पोस्टमार्टम में पड़ी थी। इधर, देर रात तक दोनों नहीं लौटे तो परिजन पूरी रात उन्हें नए साल पर आयोजित की गई हर पार्टी में तलाश रहे थे। अगली सुबह परिजनों को जब मौत की खबर मिली तो कोहराम मच गया।
वार्ड 5 लालकुआं निवासी 25 वर्षीय बलवंत राय पुत्र राम श्रेष्ठ का नए साल को लेकर पहले से प्लान तय था। 31 दिसंबर की रात 11 बजे तक वह घर पर ही था। रात वह वीआईपी गेट निवासी 19 वर्षीय अजीत के साथ घर से निकला। घरवालों को बताया कि एक दोस्त के घर पर नए साल की पार्टी है और वह पार्टी खत्म करने के बाद लौट आएगा। रात 12 और फिर एक बज गए, लेकिन न तो बलवंत अपने घर लौटा और न ही अजीत।
दोनों के फोन भी नहीं लग रहे थे, जिसके बाद परेशान परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की। परिजन हर नए साल पर क्षेत्र में आयोजित हर उस पार्टी तक पहुंचे, जहां दोनों के जाने की संभावना थी। दोस्तों से फोन पर संपर्क किया और जब फिर भी पता नहीं चला तो वह पुलिस के पास पहुंचे।
इधर, रात पौने 12 बजे दोनों श्मशान घाट के पास हादसे का शिकार हो गए। ट्रक ने उन्हें टक्कर मारी और दोनों की मौत हो गई। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को एसटीएच भेज दिया गया, जहां रात दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी। सुबह जब लालकुआं पुलिस हुलिये के आधार पर दोनों की तलाश करते पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गई। जहां दोनों के शव मिले। यह बात जब परिजनों तक पहुंची तो कोहराम मच गया। मामले में लालकुआं पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।
दीपक ने नहीं बताया था, किसके साथ और कहां जा रहा था
हल्द्वानी : नए साल का जश्न मनाने 38 वर्षीय शास्त्रीनगर बरेली उत्तर प्रदेश निवासी पूजा सक्सेना और जयनगर नंबर एक दिनेशपुर निवासी प्रताप सिंह नेगी का 32 वर्षीय बेटे दीपक नेगी की मौत हो गई।
दोनों रविवार की शाम नए साल का जश्न मनाने निकले थे, लेकिन घर से निकलने से पहले दीपक ने परिजनों को यह नहीं बताया कि वह कहां और किसके साथ जा रहा है। उन्हें सलड़ी के पास ट्रक ने अपनी चपेट में लिया। ट्रक चलाक मौके से फरार है। पूजा की मौके पर ही मौत हुई, जबकि दीपक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा।
