रुद्रपुर: यूआईआरडी प्रांगण में बनाया जाएगा अस्थाई हेलीपैड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने 10 से 20 जनवरी तक गांधी पार्क में आयोजित होने वाले सरस मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने यूआईआरडी प्रांगण में अस्थाई हेलीपैड बनाये जाने के दृष्टिगत स्थलीय निरीक्षण कर लोनिवि के अधिकारियों को निर्धारित मानकानुसार हेलीपैड तैयार करने के निर्देश दिये।

बुधवार को निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि 10 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सरस मेले का उद्घाटन के लिए कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल को गांधी पार्क में नगर निगम द्वारा कराये जा रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। साथ ही भविष्य के लिए भी पार्क की सुंदरता का ध्यान रखते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य करें। कार्यक्रम स्थल पर लैंडस्केपिंग, बेरिकेडिंग पर विशेष ध्यान रखते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण करें।

उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले आमजन के लिए वाहनों की पार्किंग के लिए सिंचाई विभाग के कैनाल कॉलोनी में भूमि को चिन्हित कर वहां साफ सफाई के लिए तेजी से कार्य पूर्ण करें। उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशक विकास मित्तल को निर्देश देते हुए कहा कि डीडी चौक से इंद्रा चौक तक हाइवे मार्ग के दोनों तरफ समतलीकरण कर मार्ग को दुरुस्त करें। इस मौके पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी, सीडीओ विशाल मिश्रा, पीडी एनएचएआई विकास मित्तल, अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, मनोज कत्याल, एसडीएम मनीष बिष्ट, नगर आयुक्त नरेश चंद्र दुर्गापाल, सीओ अनुषा बडोला, तहसीलदार दिनेश कुटोला आदि मौजूद थे।

सीएम गांधी पार्क से निकालेंगे रैली

रुद्रपुर। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का गांधी पार्क से होते हुये इंद्रा चौक, गल्ला मंडी, भगत सिंह चौक एवं मुख्य बाजार से गांधी पार्क तक रैली का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। रैली को देखते हुए लोनिवि के अधिकारी गल्ला मंडी में जिन स्थानों पर सड़क व डिवाइडर टूटी व खराब है उसे शीघ्र ठीक करें। विद्युत व बीएसएनएल के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन मार्गों से रैली का आयोजन किया जायेगा उन मार्गों के बिजली एवं टेलीफोन के झूलते हुए तार को शीघ्र ठीक करें।

संबंधित समाचार