हल्द्वानी: दवा के लिए लिया था लोन, जालसाज ने खाली कर दिया खाता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। इलाज के लिए खाते में रखी लोन की रकम जालसाज ने साफ कर दी। एक एप डाउनलोड कराकर जालसाज करीब 4 घंटे तक उसका क्रेडिट कार्ड और सैलरी अकाउंट खंगालता रहा। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर साइबर पुलिस टीम जांच में जुट गई है। 

पीलीकोठी बड़ी मुखानी निवासी विनोद सिंह धामी पंतनगर स्थित टाटा मोटर्स कंपनी में ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं। विनोद के मुताबिक पिछले वर्ष 22 नवंबर की शाम करीब साढ़े 4 बजे उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को आईसीआई बैंक मुम्बई का कर्मी बताया और कहा कि उसने क्रेडिट कार्ड का चार्ज हटाने के लिए फोन किया है।

जालसाज ने विनोद ने मोबाइल पर एयर ड्रावॉइड नाम का एप डाउनलोड कराया। इसके बाद विनोद के क्रेडिट कार्ड 1,12,485.31 रुपये और सैलरी एकाउंट से 1,50,000 रुपये कट गए। यह सब चार घंटे तक चलता रहा। किसी सूरत उसने अपना क्रेडिट कार्ड और सैलरी एकाउंट लॉक कराया और अगली सुबह पुलिस को सूचना दी। विनोद ने बताया कुछ समय पहले उसका एक्सीडेंट हो गया था। उसने इलाज के लिए लोन लिया था, जिसे एफडी करा दी। एफडी कुछ दिन पहले पूरी होने पर खाते में ट्रांसफर की थी। 

10 दिन बाद फिर कट गए 10 हजार रुपये
हल्द्वानी : विनोद ने बताया कि क्रेडिट कार्ड लेते समय भी कहा गया था कि अगर एक माह तक कार्ड इस्तेमाल नहीं हुआ तो खुद ही डी-एक्टीवेट हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। घटना के बाद उसने क्रेडिट कार्ड लॉक करा दिया था, लेकिन 2 जनवरी को फिर उसके खाते से 10 हजार रुपये कट गए। वो बैंक गया और फिर पुलिस के पास गया।  

रुद्रपुर से कश्मीर ट्रांसफर की गई रकम
हल्द्वानी : 22 जनवरी की शाम करीब साढ़े 4 बजे से पैसे कटने का सिलसिला शुरू हुआ और साढ़े 9 बजे तक यह चलता रहा। अगले दिन जब वह शिकायत लेकर बैंक पहुंचा तो पता लगा कि सारी की सारी रकम एनईएफटी की गई है और जम्मू-कश्मीर के एक बैंक में ट्रांसफर की गई। ये खाता किसी अंसारी के नाम पर बताया जा रहा है।  

संबंधित समाचार