सवाल - हल्द्वानी को कब मिलेगी लावारिस पशुओं से मुक्ति...? जवाब - हम कर रहें हैं व्यवस्था पर...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम विगत कुछ माह से सड़कों पर घूम रहे लावारिस गाय और सांड़ों को गोशाला भेज रहा है लेकिन काम की गति धीमी है। नगर निगम को हाईकोर्ट में लावारिस पशुओं के मामले में फटकार भी लग गई है। इधर सड़कों पर लावारिस गाय और सांड़ों का घूमना जारी है। 

पिछले साल सांड़ के हमले की वजह से एक व्यापारी की मौत हो गई थी। इसके बाद जनाक्रोश भड़क गया। जिसे देखते हुए नगर निगम ने आनन-फानन में लावारिस गोवंशीय पशुओं को गोशाला भेजने का काम शुरू किया। गोशाला की कमी के चलते नगर निगम ने संसाधनों के अभाव में सुस्त गति से काम किया।

पिछले ढाई माह में केवल 323 गाय और सांड़ों को ही गोशाला भेजा गया है। 4 जनवरी को मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने गोशाला निर्माण की समीक्षा करते हुए 10 दिन के अंदर लावारिस पशुओं की समस्या के निस्तारण को लेकर कार्य योजना बनाने को कहा था। इधर बुधवार को हाईकोर्ट में भी नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय को लावारिस पशुओं के मामले में फटकार लग चुकी है। नगर निगम के सामने गोशाला नहीं होना सबसे बड़ी दिक्कत साबित हो रहा है। शहर में करीब 2200 लावारिस गाय और सांड़ थे।

इनको गोशाला भेजने के बाद भी इनकी संख्या अभी भी 1850 के आसपास बच गई है। एक निजी संस्था 200 लावारिस पशुओं को रखने के लिए तैयार हो गई है। इसके बाद भी 1650 गाय और सांड़ बच जाएंगे। अभी गोवंशिय पशुओं को हल्दूचौड़ स्थित गोशाला में भेजा जा रहा है लेकिन वहां भी एक सीमा तक ही इन्हें भेजा सकता है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि जब तक हमारी गोशाला नहीं बनेगी तब तक हम कितना भी प्रयास कर लें, इस समस्या का समाधान नहीं हो पाएगा।

पालतू गाय को सड़क पर न घुमाएं
हल्द्वानी। अगर आपके पास पालतू गाय है तो उसे चरने के लिए सड़क पर लावारिस तरह से न छोड़ें। अगर कोई भी पालतू गाय सड़क पर लावारिस घूमती हुई मिली तो भी गाय के स्वामी को चालान होगा। नगर निगम इस मामले में तीन लोगों का चालान काट भी चुका है। इधर नगर निगम के सामने एक दिक्कत ये भी आई है कि कुछ लोग ऐसी गाय जो अब दूध नहीं दे रही है, उसे शहर में छोड़ रहे हैं। जिससे नगर निगम अपने प्रयासों से उसे गोशाला भेज दे। नगर निगम के अधिकारियों का मानना है कि इससे लावारिस गोवंशीय पशुओं की संख्या बढ़ रही है। 

अभी तो गोशाला बनना शुरू भी नहीं हुआ
हल्द्वानी। नगर निगम को गोशाला निर्माण के लिए लालकुआं तहसील में दो स्थानों पर जमीन मिल गई है। अभी हाल में ही गोशाला बनाने के लिए 4.26 हेक्टेयर जमीन नगर निगम को मिली है। गोशाला का निर्माण होने में भी डेढ़ से दो साल लग जाएंगे। तब तक समस्या घूम कर फिर वहीं आती रहेगी। 

नगर निगम को गोशाला निर्माण के लिए भूमि मिल गई है। जल्द ही प्रयास करके गोशाला का निर्माण करवाया जाएगा।  -पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त, हल्द्वानी
इस समय हल्दूचौड़ गोशाला में लावारिस गोवंशिय पशुओं को भेजा जा रहा है। नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है।  -डॉ. मनोज कांडपाल, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी, हल्द्वानी 

संबंधित समाचार