कासगंज: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, फंदे पर झूलता मिला शव
परिजनों ने ससुरालीजनों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप
कासगंज, अमृत विचार : थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव काली गढ़िया में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिात की मौत हो गई। शव घर में ही फंदे पर झूलता मिला है। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। विवाहिता की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिला बदायूं के थाना उसैहत के गांव बरनियां निवासी राजवीर ने अपनी 21 वर्षीय पुत्री शिल्पी का विवाह बीते वर्ष 18 जनवरी को थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव काली गढ़िया निवासी नरेंद्र के पुत्र आकाश के साथ किया था। गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। शव घर के कमरे में फंदे पर झूलता मिला है। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी विवाहिता के पिता राजवीर को गांव बरनियां में पहुंचाई।
जानकारी मिलते ही पिता शुभ चिंतकों और परिजनों के साथ बेटी ससुराल पहुंचा और बेटी का शव फंदे पर झूलता देख विलाप करने लगा। सूचना थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही थाना सिकंदरपुर वैश्य पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पिता का आरोप है कि ससुरालीजनों ने दहेज के लिए उसकी पुत्री की हत्या कर दी और शव फंदे पर लटका दिया है।
21 वर्षीय शिल्पी पत्नी आकाश की मौत हुई है। शव फंदे पर झूलता मिला है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। - विजय राणा, सीओ पटियाली
ये भी पढ़ें - कासगंज: कुशल राजनेता और सच्चे राष्ट्र भक्त थे कल्याण सिंह, नदरई गांव के पार्क में पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा का हुआ लोकार्पण
