अमरोहा: आवारा कुत्तों का आतंक, पशुशाला में घुसकर चार बकरियों को मार डाला...गाय को भी बनाया शिकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। गांव चक पायती कलां में किसान की पशुशाला में बंधीं चार बकरियों को कुत्तों ने मार डाला। नोच कर गाय को जख्मी कर दिया। ग्रामीणों ने लाठी डंडों से कुत्तों को गांव से बाहर तक भगाया। घटना से लोगों में कुत्तों की दहशत है।

डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चक पायती कलां निवासी किसान असलम हुसैन शुक्रवार रात पशुओं को पशु शाला में बांधकर घर सो गए थे। पशुओं में गाय, भैंस और बकरी शामिल हैं। देर रात किसी समय कुत्तों के झुंड ने पशुशाला में घुसकर चार बकरियों को मार डाला। कुत्तों ने गाय पर भी हमला किया। गाय के रंभाने की आवाज सुनकर किसान और उनके परिवार के लोग जाग गए।

 सभी लोग पशुशाला के पास पहुंचे। इस बीच ग्रामीण भी लाठी डंडे लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने कुत्तों को दौड़ाया। असलम ने मृत बकरियों की कीमत लगभग 70 हजार बताई है। जख्मी गाय का उपचार किया जा रहा है। उधर इस क्षेत्र में तेंदुए की दहशत के बीच कुत्तों के हमले की घटना से लोग सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: पुलिस ने 15 अपराधियों की खोली हिस्ट्रीशीट, कार्रवाई से अपराधियों में मचा हड़कंप

संबंधित समाचार