हल्द्वानी: रुद्रपुर का आरटीओ अफसर हल्द्वानी में रिश्वत लेते गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है और एक बार फिर ऊधमसिंहनगर जिले के एक अधिकारी की गिरफ्तारी हुई है। आरटीओ का ये प्रशासनिक अधिकारी आरसी ट्रांसफर करने के नाम पर रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया है। विजिलेंस की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। 

विजिलेंस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि हल्द्वानी कोतवाली में कुछ समय पहले वाहनों की नीलामी हुई थी। उसने भी इस नीलामी में एक मोटर साइकिल खरीदी थी, जिसकी आरसी ट्रांसपर होनी थी। आरसी ट्रांसफर के लिए शिकायतकर्ता आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर पहुंचा।

यहां प्रशासनिक अधिकारी ने आरसी ट्रांसफर करने के एवज में 4 हजार रुपयों की मांग की। साथ ही कहा, आरसी रिश्वत की रकम मिलने के बाद ही उसे दी जाएगी। इस मामले की शिकायत लेकर शिकायतकर्ता विजिलेंस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचा। कहा, नियमों के तहत प्रशासनिक अधिकारी से आरसी ट्रांसफर की मांग कर रहा था, लेकिन इसके लिए अधिकारी रिश्वत की मांग कर रहा है। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की। 

शिकायत की बाद विजिलेंस ने ट्रैप टीम गठित की। इधर, तय मांग के तहत फेस थ्री डहरिया मुखानी निवासी प्रशासनिक अधिकारी भाष्करानन्द जोशी पुत्र भैरव दत्त जोशी 9 जनवरी को मोटर साइकिल की आरसी लेकर देवलचौड़ चौराहे पर पहुंच गया। यहां विजिलेंस की टीम पहले से डेरा डाले बैठी थी। जैसे ही प्रशासनिक अधिकारी ने आरसी की रिश्वत से अदला-बदली की, तभी विजिलेंस की टीम ने उसे दबोच लिया।

निदेशक सतर्कता डा. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार की घोषणा की है। साथ ही अपील की है कि सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाइन नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर 9456592300 पर भ्रष्टाचार की शिकायत करें।

संबंधित समाचार