Kanpur News: स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में शहर को कचरा मुक्त श्रेणी में थ्री स्टार रेटिंग, सड़कों पर कूड़े का अंबार

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में शहर को कचरा मुक्त श्रेणी में मिली है थ्री स्टार रेटिंग।

स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में कचरा मुक्त शहर के लिए कानपुर को भले ही थ्री स्टार रेटिंग मिली हो, लेकिन जमीनी हकीकत नाक कटाने वाली है। सड़कों पर अभी भी कूड़े का अंबार लगा हुआ है।

कानपुर, अमृत विचार। स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में कचरा मुक्त शहर के लिए कानपुर को भले ही थ्री स्टार रेटिंग मिली हो, लेकिन जमीनी हकीकत नाक कटाने वाली है। अमृत विचार ने मंगलवार को  ‘कचरा मुक्त शहर’ की हकीकत जानी तो सड़कों पर जगह-जगह जमा कूड़ा और गंदगी थ्री स्टार रेटिंग को मुंह चिढ़ा रही थी। दक्षिण क्षेत्र में पार्कों और बर्रा आठ की ग्रीन बेल्ट में कूड़ा भरा मिला।      
शहर में सुबह नौ बजे से पहले सड़कों से कूड़ा उठाने के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। महापौर के योद्धा और नगर निगम के सफाई कर्मचारी स्वच्छता

अभियान में तो लगे हैं, लेकिन इसका असर जमीन पर नहीं दिख रहा है। कल्याणपुर इंदिरा नगर रोड पर दोपहर तक कूड़ा नहीं उठा था तो जीटी रोड पर कई जगह कूड़ा जमा था। दीनदयाल स्कूल के पास लोगों ने बताया कि 15 दिनों से कूड़े का अंबार लगा है। पॉश इलाके स्वरूप नगर में भी यही हाल देखने को मिला। घंटाघर में स्टेशन के बाहर कूड़े के साथ सीवर का पानी बजबजा रहा है। चुन्नीगंज में ईसाई कब्रिस्तान के बगल में बने कूड़ाघर की गंदगी बाहर तक फैली मिली। 

कागजों पर चमक रहा शहर गंदगी फैली पड़ी चारों तरफ 

स्वच्छ सर्वेक्षण की रैंकिंग में सबसे ज्यादा कचरा उठान की रेटिंग होती है। इसमें कूड़ा गाड़ियां, गीला-सूखा कचरा उठान, दो डस्टबिन का प्रयोग देखा जाता है। इस व्यवस्था की बदहाली किसी से छिपी नहीं है। ऐसे में थ्री स्टार रैंकिंग हैरत में डालने जैसी लगती है। हालांकि सफाई व्यवस्था पर करोड़ों खर्च हो रहा है। लेकिन शहर की तस्वीर कागज पर ही बदल रही है। तमाम स्थानों पर राहगीरों को आते-जाते रोज मुंह ढककर निकलना पड़ता है। 

कूडा उठान पर नजर

110 - वार्ड शहर में
14 - सौ टन शहर में रोज कूड़ा निकलता
900 - टन कूड़ा शहर से रोज उठाया जाता
90 - वार्ड में घर -घर से उठ रहा कूड़ा
30 - वार्ड में गीला व सूखा कूड़ा उठ रहा
450 – छोटे वाहनों की घरों से कूड़ा उठान के लिए जरूरत 
300 – छोटे वाहन स्मार्ट सिटी से खरीदे गए हैं 
150 - वाहन स्मार्ट सिटी से और खरीदे जाने  
265 – अभी शहर में कुल कूड़ाघरों की संख्या

सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सुबह आठ बजे से ही रैंडम जांच हो रही है। निरीक्षण में जहां गंदगी मिलती है, खुद कार्रवाई कर रहा हूं। इसके साथ ही जिम्मेदारी तय करते हैं। जहां समस्या है उसे दुरुस्त कराएंगे।- शिवशरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त

शहर में कूड़ा उठान को लेकर लगातार काम कर रहे हैं। 90 वार्डों से डोर टू डोर कूड़ा उठा रहे हैं। जल्द 110 वार्डों से कूड़ा उठाया जायेगा। महापौर 110 सफाई कर्मचारियों के साथ अलग सफाई करा रही हैं। स्वच्छता को सितंबर में 207 घंटे का बिना रुके सफाई अभियान चलाया। कूड़ा उठान पर खास फोकस है।- अमित सिंह गौर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

ये भी पढ़ें- हीटर या ब्लोवर : बंद कमरे में लगातार इस्तेमाल मुश्किल में डाल सकता जान, बिगड़ सकती तबियत, दम घुटने का भी खतरा

संबंधित समाचार