काशीपुर: गाली-गलौच का विरोध करने पर युवक व उसके दोस्त को पीटा
काशीपुर, अमृत विचार। गाली गलौच का विरोध करना एक युवक व उसके दोस्त को महंगा पड़ गया। दबंगों ने उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आयी है। कार्रवाई की मांग को पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपी है।
पक्का कोट निवासी एक युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ चीमा चौराहे से रामलीला ग्राउंड की तरफ जा रहा था। तभी रास्ते में खड़े दो युवकों ने उनके साथ गाली गलौच शुरू कर दी। जिसका विरोध किया तो वह मारपीट पर उतारू हो गए।
आरोप है कि बाद में आरोपियों ने अपने 10-12 अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और उनके साथ लाठी डंडों से हमला किया। जिसमें पीड़ित व उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में वह लोग जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर सौंपी है। जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
