रुद्रपुर: कारोबारी के परिवार की झूठी गिरफ्तारी का जाल बिछाकर हजारों रुपये ठगे
रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर के नामी गिरामी कारोबारी के परिवार की झूठी गिरफ्तारी का जाल बिछाकर हजारों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। उद्योगपति की तहरीर आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की खोजबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर के नामी उद्योगपति शिव कुमार अग्रवाल ने बताया कि 23 दिसंबर को वह अपने कुमार ऑक्सीजन रामपुर रोड स्थित कार्यालय में बैठे थे। अचानक मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति की कॉल आयी जो खुद को पुलिस का अधिकारी बता रहा था और कॉलर ने पुलिसिया रौब दिखाकर उद्योगपति को भ्रमित कर दिया। आरोप था कि कॉलर ने झांसा देते हुए कहा कि उनके परिवार के लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी और परिवार की झूठी गिरफ्तारी का दबाव बनाने लगा। जिसे सुनकर उद्योगपति ने पुलिस अधिकारी द्वारा बताए गए खाते में गुगल पे के माध्यम से 80 हजार रुपये की धनराशि का भुगतान कर दिया।
जब पड़ताल की तो पाया कि पुलिस अधिकारी बताने वाला कोई असली अधिकारी नहीं, बल्कि साइबर ठग ने पुलिस अधिकारी बनकर परिवार की झूठी गिरफ्तारी का दबाव बनाया। उद्योगपति शिवकुमार अग्रवाल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र आने के बाद पुलिस की साइबर सेल ने मामले की तफ्तीश की और रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि साइबर अपराधी शातिराना अंदाज में लोगों को कॉल कर भ्रमित करते हैं। उद्योगपति प्रकरण को लेकर पुलिस गंभीर है और साइबर सेल के अलावा कोतवाली पुलिस को तत्काल मामले का पर्दाफाश करने का आदेश दिया गया है। जल्द ही साइबर ठग का सुराग लगाया जाएगा।
