भदोही: कालीन पर उकेरे रामायण प्रसंग राम मंदिर की भव्यता पर लगाएंगे चार चांद
भदोही। उत्तर प्रदेश की भदोही जिला जेल में बंदियों द्वारा कालीनों पर उकेरी गई रामायण प्रसंग की उत्कृष्ट कृतियां अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मंदिर की शोभा में चार चांद लगाएगी। जिला जेल अधीक्षक राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी गौरांग राठी की विशेष पहल पर कारागार बंदियों द्वारा निर्मित श्री राम-सीता दरबार व श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या मंदिर आधारित विभिन्न आकृति विषयक वॉल हैंगिंग कारपेट को तैयार किया गया है।
एक कालीन में नवनिर्मित अयोध्या के दिव्य व भव्य मंदिर को कारागार बंदियों ने अपने हाथों से जीवन्त उकेरा है, तो एक दूसरे वॉल हैंगिंग में वीरोचित धनुर्धारी प्रभु राम की आकृति को दर्शाया गया है। वहीं एक वाल हैंगिंग में ‘कण कण में श्री राम अयोध्या’ अंकित प्रभु राम का छायाचित अंकित है। एक चित्र में वनवासी राम और सीता का आत्मीय मिलन है, तो दूसरे चित्र में भक्त हनुमान और प्रभु श्रीराम के आत्मीय स्नेह को दर्शाया गया है। एक आकृति में धर्म ध्वज पताका सहित जय श्री राम अंकित बजरंगबली का शंख बजाते हुए अंकन किया गया है।
उन्होंने बताया कि कारागार बंदियों ने अपने हुनर कला कौशल का परिचय देते हुए रामायण के विविध प्रसंगों को ताने-बाने में उकेर दिया है। सभी राम कथा विषयक वॉल हैंगिंग कालीन जीवंत लग रही है। जो श्रीराम जी के नैतिक, सामाजिक व मानवीय संदेशों को जनमानस में प्रकाशित करती है।
कारागार अधीक्षक ने बताया कि अंग्रेजी नववर्ष एक जनवरी 2024 से ही लगभग 15 बंदी बुनकरों ने 17 दिन में दिन-रात लगाकर यह सात विशिष्ट क्वालिटी के श्रीराम विषयक वॉल हैंगिंग तैयार किए हैं। बंदी बुनकरों ने बहुत तन मन से इस काम को किया और आत्मीय सुकून महसूस किया कि इसी बहाने उन्हें प्रभु राम की सेवा करने का अवसर मिला।
उन्होंने बताया कि तैयार की गई उक्त कृतियाें को विशेष आरक्षित वाहन में अयोध्या भेजा जा रहा है जो 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में कालीन नगरी के बुनकरों की थिरकती उंगलियों की उत्कृष्ट कारीगरी का नमूना मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान प्रदर्शित करेगी।
यह भी पढ़ें;-अमेठी: प्रसव कराने के बाद कार्यमुक्त स्टाफ नर्स ने लिया 1000 रुपए रिश्वत, Video वायरल
