बरेली: मीटर मार रहे जंप, लोड से अधिक आ रहा बिजली बिल
बिल सही कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे लोग
बरेली, अमृत विचार। मीटर की रीडिंग से अधिक बिजली के बिल आने से लोग परेशान हैं। कहीं मीटर जंप तो कहीं रीडिंग से अधिक बिल आने की शिकायतें मिल रही हैं। मीटर रीडर मनमर्जी से रीडिंग डालकर बिल निकाल दे रहे हैं। बिल सही कराने के लिए लोग अधिकारियों के दफ्तरों में चक्कर लगा रहे हैं।
पिछले दिनों पावर कारपोरेशन के चेयरमैन ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में निर्देश दिए थे कि उपभोक्ताओं को सही बिल ही बनाकर दिए जाए। उन्होंने कहा था कि बिल बनाने जाने वाले मीटर रीडर के साथ एक बिजली विभाग का कर्मचारी भी मौके पर जाकर बिल बनवाए, लेकिन उसके बाद भी गलत बिल बनाने के लगातार मामले सामने आ रहे हैं। जिन लोगों को महीने में 700 से 800 रुपये बिल आ रहा था अब उनका बिल एक दम से दो गुना आने लगा है। शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है।
पिछले दिनों बिलिंग में पकड़ी गई थी गड़बड़ी
ग्रामीण क्षेत्र में पिछले दिनों अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने गलत बिल बनाने का मामला पकड़ा था। जिसके बाद 12 मीटर रीडरों को काम से निकाल दिया था, लेकिन उसके बाद भी बिलिंग कंपनी के काम में कोई सुधार नहीं हो रहा है।
दुकान किराए पर ली है। पहले बिजली का बिल ठीक आता था। दो महीने में तीन गुना बिजली का बिल आया है। जेई से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। -विमल कुमार, दुकान संचालक, गणेशपुरम
पिछले छह महीने से अधिक बिल आ रहा है। कई बार उपकेंद्र पर जाकर इसकी शिकायत की है, लेकिन कोई हल नहीं निकल रहा है। -मो. तकी, बंडिया
मीटर रीडरों को मौके पर जाकर रीडिंग के अनुसार ही बिल बनाने के लिए निर्देश दिए हैं। अगर कोई मीटर रीडर गड़बड़ी कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -रणविजय सिंह, मुख्य अभियंता
ये भी पढ़ें- बरेली: दीप प्रज्ज्वलित कर राम भजन का हुआ शुभारंभ, भजनों से वातावरण हुआ राममय
