काशीपुर: एग्री मेला स्टार्टअप एक्सपो उत्तिष्ठ 27 जनवरी से
काशीपुर, अमृत विचार। आईआईएम की ओर से 27 व 28 जनवरी को उत्तिष्ठ के 7वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस एग्री मेला स्टार्टअप एक्सपो का उद्देश्य कृषि स्टार्टअप और उद्योग से संबंधित हितधारकों को एकजुट करना है। इस दौरान विशेषज्ञों के बीच एंटरप्रेन्योरशिप पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही अन्य आकर्षक गतिविधियों का आयोजन भी होगा।
कृषि स्टार्टअप के महाकुंभ दो दिवसीय कृषि मेला स्टार्टअप एक्सपो का आयोजन फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (एफआईईडी) और आईआईएम काशीपुर के ई-सेल द्वारा कृषि और किसान कल्याण विभाग के सहयोग से किया जाता है। इसका लक्ष्य इनोवेशन और सहयोग को बढ़ावा देना है। वार्षिक उद्यमिता शिखर सम्मेलन में 100 से ज्यादा स्टार्टअप और शीर्ष 10 स्टार्टअप की भागीदारी की उम्मीद है।
पहले दिन शिखर सम्मेलन में उड़ान 7.0 पिचिंग प्रतियोगिता, एचयूएलटी पुरस्कार, लाइव स्टार्टअप पिचिंग प्रतियोगिता, लीडर्स मंत्रा जैसे विभिन्न ज्ञानवर्धक कार्यक्रम होंगे। दूसरे दिन एक्सपो डे (काशीपुर मेला), केरियर परामर्श सत्र, सांस्कृतिक प्रदर्शन, विज्ञान मेले का आयोजन होगा और साथ ही किसी सेलिब्रिटी के साथ एक प्रमुख इवेंट होगा।
आईआईएम एफआईईडी के सीईओ राम कुमार ने कहा पिछले सात वर्षों में, कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने आईआईएम काशीपुर के उत्तिष्ठ-कृषि मेला, स्टार्टअप एक्सपो की बदौलत कुल 320 करोड़ रुपये की फंडिंग के साथ 140 से अधिक स्टार्टअप को सपोर्ट किया है। आज यह इवेंट कृषि-स्टार्टअप की सफलता का एक महत्वपूर्ण कारक बन गया है।
