Fatehpur News: संदिग्ध परिस्थितियों में ईंट भट्ठे के मजदूर की मौत, परिजनों ने हत्या करने का लगाया आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में ईंट भट्ठे के मजदूर की मौत।

फतेहपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में ईंट भट्ठे के मजदूर की मौत हो गई। परिजनों ने पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस तहरीर बदलवाने का दबाव बनाती रही।

फतेहपुर, अमृत विचार। भट्ठे में रहकर मेहनत मजदूरी करने वाले एक व्यक्ति की शनिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह हुई जानकारी पर परिजनों में कोहराम मचा रहा। वहीं परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात पुलिस ने कही है।

असोथर थाना क्षेत्र के कौंडर गांव निवासी आदित्य पासवान उर्फ पांडे पुत्र चंद्रपाल घरवासीपुर स्थित ईंट भट्ठे में परिवार के साथ ईंट पथाई का काम करता था। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह वह अपनी झोपड़ी में मृत अवस्था में मिला है। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

वहीं पत्नी बसंती देवी ने बताया कि भट्ठा मालिक और मुनीम अपने निजी कार्य को लेकर शनिवार सुबह पति आदित्य को लेकर गए थे। उसके बाद रात करीब दो बजे उसे झोपड़ी में छोड़कर चले गए थे।

पत्नी ने बताया कि पति को साजिश के तहत मरवाकर झोपड़ी में फेंकवा दिया। बसंती ने अपने पति को बार बार उठाने की कोशिश की लेकिन पति आदित्य की मौत हो चुकी थी। जिससे परिजनों में कोहराम मचा रहा। मामले में थाना प्रभारी विनोद कुमार मौर्य ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भट्ठा मालिक ने बताया हादसा

भट्ठा मालिक प्रदीप शुक्ला ने बताया कि शनिवार सुबह भट्ठे से ईंट लादकर सरकंडी गांव ईंट उतारने को गया था। वापस लौटते समय उसने शराब पी और सराय खालिस सीएचसी के पास मोरंग लदे ट्रैक्टर ट्राला में टक्कर हो गई। जिसमें ट्रैक्टर के इंजन पर बैठा आदित्य नीचे गिर गया और चोट लग गई। जिस पर मुनीम और वह खुद आदित्य को इलाज के लिए शहर ले गए थे। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

तहरीर बदलवाने का आरोप

मृतक की पत्नी बसंती देवी ने बताया कि पुलिस को लिखित तहरीर दी है। लेकिन पुलिस तहरीर को भट्ठा मालिक और मुनीम के दबाव को लेकर हादसे में तब्दील करने का दबाव बनाती रही। पत्नी बसंती देवी और मां ने एसपी को मिल शिकायत कर तहरीर देने की बात कही है।

ये भी पढ़ें- Kanpur: पत्नी के प्रेमी ने शिक्षक को जिंदा फूंक डाला, साजिश के तहत मिलने के लिए बुलाया... फिर आग लगाकर कमरा किया बंद

संबंधित समाचार