पीलीभीत: रफ्तार का कहर..वाहन की टक्कर से चली गई बाइक सवार दो युवकों की जान, मचा कोहराम
पीलीभीत/अमरिया, अमृत विचार। वाहनों की तेज रफ्तार ने दो और जान ले लीं। बाइक पर सवार होकर जा रहे दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की। हालांकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं लग सका। पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज पड़ताल में जुट गई है।
अमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम नगरिया कॉलोनी निवासी निखिल माझी (36) पुत्र बलराम और संजय मलिक (32) पुत्र सूरज मलिक मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। रविवार शाम को दोनों बाइक पर सवार होकर काम से भिकारीपुर गांव जाने के लिए निकले। रास्ते में भगा मोहम्मदगंज पुल के पास पहुंचते ही किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
लहूलुहान हालत में दोनों को पड़ा देख कुछ ही देर में लोग जमा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। अमरिया एसओ बृजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मौजूद लोगों से हादसे के बारे में जानकारी की गई। शवों की शिनाख्त कर परिवार वालों को सूचित किया गया। इस पर परिवार वाले भी आ गए। अन्य थानों को सूचना देकर चेकिंग कराई गई लेकिन टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं लग सका।
परिवार में मची चीख पुकार
घर से हंसी-खुशी बाइक पर सवार होकर निकले दो युवकों की मौत के बाद दोनों के परिवार में एक पल में मातम छा गया। शव देख परिवार वाले बेसुध हो गए। चीख पुकार मची रही। दोनों मृतकों की शादी हो चुकी थी। मृतक निखिल माझी के तीन पुत्र हैं। जबकि संजय मलिक के एक पुत्री है। देवहा नदी पुल के पास हुए हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार गमगीन परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी करा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। - बृजवीर सिंह, एसओ अमरिया
