लखीमपुर-खीरी: अस्पताल की तीसरी मंजिल पर चढ़ी युवती बोली, मेरा इलाज नहीं किया तो कूदकर दे दूंगी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। जिला अस्पताल मोतीपुर (ओयल) की तीसरी मंजिल पर एक महिला मंगलवार को चढ़ गई। वह चीख चीख कर कहने लगी कि उसका अस्पताल में इलाज नहीं किया जा रहा है। अगर इलाज न किया गया तो वह कूदकर जान दे देगी। इससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला सिपाहियो और डॉक्टरों की मदद से करीब दो घंटे बाद सकुशल नीचे उतार लिया। 

मोतीपुर (ओयल) स्थित जिला अस्पताल में मंगलवार को धूप निकलने के बाद अधिकतर मरीजों के तीमारदार अस्पताल के परिसर में गुनगुनी धूप का आनंद ले रहे थे। इलाज के लिए अपने तीमारदारों के साथ जिला अस्पताल आने वाले मरीजों की भी खासी भीड़ थी। इसी बीच सुबह करीब दस बजे गोला निवासी पूजा पटेल (28)  जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल की छत पर चढ़ गई और चीख चीखकर रहने लगी कि वह सोमवार को इलाज कराने जिला अस्पताल आई थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसका इलाज नहीं किया। 

वह बार बार यही कह रही थी कि उसका इलाज नहीं किया गया तो वह छत से नीचे कूदकर अपनी जान दे देगी। युवती की आवाज सुनकर सैकड़ों लोगों का मजमा लग गया। खबर सीएमएस डॉक्टर आईके राम चंदानी तक पहुंची तो अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीएमएस डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों के साथ बाहर आए। उन्होंने उसे समझाने की कोशिश की और पूछा कि नीचे आकर बताए कि किस डॉक्टर ने इलाज नहीं किया। 

वह उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे, लेकिन वह सिर्फ इतना कहकर ही कूदने की धमकी दे रही थी कि उसका इलाज नहीं किया जा रहा है। इस दौरान युवती कई बार छत की रेलिंग पर चढ़ने की कोशिश भी की। इससे स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के चेहरे की हवाइयां उड़ती रहीं। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी जब वह नीचे नहीं उतरी तो पुलिस को खबर की गई। 

सूचना पाकर एसओ खीरी अजीत कुमार, चौकी इंचार्ज ओयल लल्ला सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी मौके पर बुला ली गई। एक बार उसे फिर समझाने का दौर पुलिस ने शुरू किया, लेकिन वह नहीं मानी। करीब दो घंटे तक चले इस हाई प्रोफाइल ड्रामे के बाद छत पर चुपके से पहुंचे डॉक्टर शिशिर पांडेय और डॉक्टर एसके मिश्रा ने महिला सिपाहियों और स्टाफ के साथ उसे पकड़वा लिया।

पुलिस और डॉक्टर उसे लेकर आपातकालीन कक्ष पहुंचे, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने एंबुलेंस बुलाकर युवती को मेडिकल कालेज लखनऊ रेफर कर दिया। तब कहीं जाकर अस्पताल प्रशासन ने राहत महसूस की। 

युवती की हरकत देख लोग हुए आशंकित
लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल की छत पर युवती के चढ़ने की खबर मिलते ही कस्बा ओयल के साथ ही आसपास के ग्रामीणों की भी भारी भीड़ लग गई। जब युवती तीसरी मंजिल की छत पर पहुंचने के बाद कूदने की धमकी देने लगी तो इस दौरान उसकी हरकत देख लोग सन्न रह जा रहे थे। दरअसल वह रेलिंग पर भी चढ़ने की कोशिश करने लगती थी। पुलिस को भीड़ को हटाने के लिए कड़ी मशक्कत भी करनी पड़ी। हालात यह थे जिला अस्पताल परिसर में पैर रखने की जगह तक नहीं बची थी। 

मानसिक रोगी होने की लोगों को अखर रही बात 
लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल की छत से कूदने की धमकी देने वाली युवती को अस्पताल प्रशासन मानसिक रोगी बता रहा है, लेकिन यह बात किसी के गले नहीं उतर रही है। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि युवती जिस ढंग से अपनी बात कह रही थी और छत की रेलिंग तक पैर लाकर रखने के बाद उसे हटा लेती थी। उससे मानसिक रोगी होने की बात गले से नहीं उतर रही है। युवती अपने पिता का नाम और वह गोला में कहां की रहने वाली है। कई बार पूछने के बाद भी वह यह बता नहीं पा रही थी। वह सिर्फ अपना नाम पूजा पटेल और गोला बता रही थी।

युवती अपना नाम पूजा पटेल बता रही है। जानकारी में आया है कि  सोमवार को किसी मरीज के साथ एंबुलेंस में आ गई थी। युवती मानसिक रोगी है। उसका प्राथमिक उपचार कराया गया है। उसके बाद उसे एंबुलेंस से केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है।-डॉ. आइके राम चंदानी सीएमएस, जिला अस्पताल

ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: नैनिहा हादसे में घायल एक और युवक की मौत, मृतकों की संख्या हुई तीन

 

संबंधित समाचार