कासगंज: दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर देने के चार आरोपी गिरफ्तार
कासगंज, अमृत विचार। थाना सुन्नगढ़ी के गांव गांव गजौरा में 22 वर्षीय विवाहिता की हुई मौत के मामले में पिता ने पति सहित चार ससुरालीजनों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज होते ही सक्रिय हुई पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें पूछताछ के बाद न्यायालय में समक्ष पेश किया गया है।
जिला बदायूं के थाना हजरतपुर के गांव गढ़िया सहायपुर निवासी भूप सिंह ने अपनी पुत्री रंजना का विवाह थाना सुन्नगढ़ी के गांव गजौरा निवासी हरीश चंद्र के साथ किया था। सोमवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में रंजना की मौत हो गई थी।
मामले में पिता भूप सिंह ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति हरीश चंद्र के अलावा मनोज, अखिलेश, राजेश निवासीगण गांव गजौरा के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी थाना पुलिस को घटना के कुछ घंटों बाद ही सफलता मिल गई। पुलिस ने वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष शांति देवी ने बताया कि दहेज हत्या के नामजद आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। जिन्हें पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया। जहां से आरोपियों को जेल भेजने की कार्यवाही की गई है।
ये भी पढे़ं- कासगंज: 'भाजपा कर रही संविधान के साथ खिलवाड़', सपाइयों ने गिनाई सरकार की विफलताएं
