सुलतानपुर: ‘कमल‘ को हराकर फिर भाजपा के हुए अवनीश, पार्टी में 'कहीं खुशी कहीं गम' जैसा माहौल!

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

लंभुआ, सुलतानपुर। लगभग आठ माह पूर्व हुए निकाय चुनाव में भाजपा के बागी बन निर्दलीय चुनाव लड़ पार्टी प्रत्याशी को तीसरे नंबर पर धकेलकर चेयरमैन बने अवनीश कुमार सिंह अंगद ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थित में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। अवनीश के भाजपा की सदस्यता लेने पर जहां उनके समर्थक खुश है, वहीं पार्टी के कुछ पदाधिकारी भाजपा परिवार बड़ा होने पर भी खुश नजर नहीं आ रहे  है।

लंभुआ में पहले भी ब्लाक प्रमुख का चुनाव भाजपा प्रत्याशी को हराकर निर्दल के रूप में जीत दर्ज करने वाले कुंवर सिंह पप्पू बाद में भाजपा में आ गए थे। उसी तर्ज पर अब भाजपा के बागी बन जीत हासिल कर चेयरमैन बने अंगद भी पार्टी का दामन फिर से थाम चुके हैं। एक तरफ जहां पार्टी के जिला पदाधिकारी चेयरमैन लम्भुआ अवनीश को पार्टी में शामिल न होने के लिए ताकत लगाए थे, वहीं अलग-अलग रास्तों से अवनीश पार्टी में जाने के लिए बेताब नजर आते रहे।

उसी दरमियान भाजपा के तमाम जनप्रतिनिधियों से मिलने की तस्वीरे वायरल भी होती रही। माना जा रहा था कि इनको शामिल करके भाजपा अपनी भद्द नहीं पिटायेगी, लेकिन लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा कोई भी बूथ लूज नहीं करना चाहती। इस कारण भाजपा का एक धड़ा अवनीश को शामिल करने की जिम्मेदारी लिया हुआ था। इस तरह कमल को ही हराकर भाजपा के हो गए अवनीश।

कस्बे की मेला वाली बाग में 26 मई 2023 को हुए शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा ने दूरियां बनाई हुई थी। हालांकि, नगर निकाय के चुनाव पूर्व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जन्मदिन मनाते हुए भी अवनीश की फोटो सोशल मीडिया पर देखी गई थी। बाद में भाजपा के टिकट के लिए दावेदारों की अग्रिम लाइन में भी खड़े थे। टिकट न मिलने पर भाजपा के बागी होकर अध्यक्ष पद के लिए पर पर्चा दाखिल कर दिया।

उधर भाजपा ने जिला महामंत्री विजय प्रताप त्रिपाठी को टिकट देकर जीताने के लिए एड़ी चोटी लगा दी थी। पहली बार हो रहे नगर निकाय के इस चुनाव में डिप्टी सीएम, कैबिनेट मंत्री, एमपी, एमएलए, एमएलसी, ब्लॉक प्रमुख व संगठन की लंबी चौड़ी फौज लगी रही। यहां तक की चुनाव के दिन नगर पंचायत के 15 वार्डों की 23 बूथों पर दल बल के साथ सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार डटे रहे। लेकिन नतीजा पार्टी के पक्ष में नहीं रहा।  प्रत्याशी रहे विजय प्रताप त्रिपाठी ने बताया कि  भितरघातियों व कैडर वोट न मिलने से भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। इसके पूर्व भी पंचायत चुनाव में ब्लॉक प्रमुख के पद पर तत्कालीन भाजपा विधायक ने निर्दलीय प्रत्याशी की मदद कर प्रमुख बनाया था।

निकाय चुनाव के प्रमुख पांच प्रत्याशियों के आंकड़े

उम्मीदवार               पार्टी                 प्राप्त मत 
अवनीश कुमार        निर्दलीय             3,310
अतेन्द्र                      सपा                  2,127
विजय प्रताप त्रिपाठी भाजपा              1,881
कुसुम सिंह              निर्दलीय             1,711
रोहणी पटेल              बसपा               1,329

यह भी पढ़ें: श्रीरामलला दर्शन : अयोध्या पहुंचे फिजी के उप प्रधानमंत्री बिमान प्रसाद, बोले- राम मंदिर का निर्माण हमारे लिए सौभाग्य की बात

संबंधित समाचार