रायबरेली: दिन दहाड़े जिले की सीमा पर सर्राफा व्यवसाई से 25 लाख की लूट, सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
बाइक सवार तीन सशस्त्र लुटेरों ने घटना को दिया अंजाम, सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
ऊंचाहार/रायबरेली, अमृत विचार। रायबरेली-प्रतापगढ़ जनपद की सीमा पर ऊंचाहार के सर्राफा व्यवसाई के साथ बड़ी लूट हुई है। ऊंचाहार से अपनी दुकान जा रहे बाइक सवार व्यवसाई को राजमार्ग पर सरेआम रोककर तीन सशस्त्र लुटेरों ने आभूषणों से भरा उसका बैग छीन लिया और फरार हो गए। यह वारदात सोमवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे हुई है।
ऊंचाहार नगर के निवासी सर्राफ विजय कुमार की प्रतापगढ़ जनपद के परियावा बाजार में दुकान है। वह नित्य दुकान बंद करके रात में सारे आभूषण लेकर ऊंचाहार चले आते हैं और सुबह आभूषणों के साथ अपनी दुकान पर जाते हैं। सोमवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे ऊंचाहार से वह बैग में करीब 25 लाख रुपये कीमत का सोना, चांदी का आभूषण भरकर अपनी दुकान पर जा रहे थे।
रायबरेली-प्रतापगढ़ की सीमा पर जैसे ही उन्होंने प्रतापगढ़ जनपद की सीमा में प्रवेश किया, तभी बाइक सवार तीन सशस्त्र लुटेरों ने उनको घेर लिया। दिनदहाड़े अचानक लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर हुई घटना से वह अवाक रह गए। तभी लुटेरे ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगाते हुए उनका बैग छीन लिया और तेजी के साथ भाग गए। अचानक हुई इस घटना से विजय कुमार काफी भयभीत हो गए। आसपास के लोगों ने चीखना चिल्लाना शुरू किया।
स्थानीय लोग जब तक लुटेरों को लोग घेरते, तब तक सभी फरार हो चुके थे। उसके बाद पीड़ित व्यवसाई ने ऊंचाहार कोतवाली और प्रतापगढ़ जनपद कोतवाली के नवाबगंज थाना क्षेत्र को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा यह तय किया गया कि घटनास्थल प्रतापगढ़ जनपद की सीमा में है।
दिनभर प्रतापगढ़ जनपद के पुलिस अधिकारी घटनास्थल की छानबीन करते रहे। सोमवार की देर शाम मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई है । ऊंचाहार कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना सीमा क्षेत्र के पार प्रतापगढ़ जनपद में हुई है। मामले में कार्रवाई प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-श्रीराम दर्शन यात्रा: सुव्यस्थित संचार के लिए लगाए गए 138 फोन, अयोध्या धाम में चल रहा बहुभाषी काल सेंटर
