UP: तुम नहीं रहोगे तो हम लोग क्या करेंगे... दिल मजबूत कर मां ने बेटी का घोंटा था गला, आरोपी पति ने यह भी कबूला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बुधवार को होगा मां-बेटी का पोस्टमार्टम, फिर आरोपी ही करेगा अंतिम संस्कार

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र के कांशीराम कालोनी में कर्ज से परेशान होकर जनरल स्टोर संचालक अर्जुन जायसवाल ने अपनी पत्नी निशा और चार वर्षीय बेटी आशवी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्यारोपी ने खुद पर चाकुओं से कई बार वार करके जान देने की कोशिश की थी। इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने पड़ोसी बब्लू गौतम की तहरीर पर हत्यारोपी पति पर पत्नी और बेटी की हत्या में हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। 

हत्याकांड के दूसरे दिन मंगलवार को चकेरी पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए कागजी कार्रवाई तो पूरी कर दी, लेकिन कोई भी परिवार का सदस्या पोस्टमार्टम हाउस नहीं पहुंचा। जिससे दिनभर पुलिसकर्मियों का इंतजार करते बीत गया। अब बुधवार को हत्यारोपी की मौजूदगी में मां-बेटी का पोस्टमार्टम होगा और वहीं अंतिम संस्कार करेगा।   

तुम नहीं रहोगे तो हम लोग क्या करेंगे…

सोमवार देर रात हत्यारोपी अर्जुन जायसवाल को उपचार के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि उसने पहले घर में आत्महत्या की बात कही तो उसकी पत्नी निशा ने कहा कि जब तुम नहीं रहोगे तो हम लोग क्या करेंगे। इसलिए हम लोगों को भी मौत की नींद सुला दो। 

पत्नी ने बेटी का गला घोंटा, फिर पति ने पत्नी को मारा

हत्यारोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि खुद को परिवार समेत खत्म करने के लिए वह ठान चुका था। बताया कि पहले तो उसने खाने में चूहे मार दवा मिलाकर खाया। लेकिन उससे कुछ नहीं हुआ। फिर निशा ने अपना दिल मजबूत करके अपनी मासूम बेटी का गला घोंटकर मार डाला। इसके बाद निशा ने अर्जुन से उसको मारकर खुद भी मर जाने के लिए कहा। इस पर अर्जुन ने निशा का दुपट्टे से गला कसकर मारा।

आत्महत्या के प्रयास में बार-बार बचा

बताया कि खुद को पंखे पर दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका लेकिन दुपट्टा टूट गया। इसके बाद तार से फांसी लगाने की कोशिश की उसमें भी असफल रहा। फिर उसने एक तार के सहारे करंट से आत्महत्या की कोशिश की। इसमें में भी असफल होने पर बच गया। फिर किचन से उसने छोटी चाकू लेकर से आत्महत्या की कोशिश की। जिसमें भी वह असफल रहा। इसके बाद बड़े चाकू से हाथ की नस काटी। फिर वह बेहोश हो गया। बताया कि इससे पहले वह 26 जनवरी को परिवार के साथ जान देने का प्रयास कर चुका है। 

मानसिक हालत ठीक नहीं, किए पर पछतावा

पुलिस को हत्यारोपी पति ने बताया कि उसकी मानसिक हालत ठीक न होने पर कुछ समझ नहीं पाया। अब उसे अपने किए पर पछतावा है। वहीं पुलिस उसके कर्ज के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया है। बैंकों से भी कर्ज की जानकारी पुलिस को मिली है, जांच चल रही है। 

प्रेम विवाह की बात आई सामने, रिश्तेदारों के फोन मिले बंद

चकेरी पुलिस दोहरे हत्याकांड के बाद हिल गई है। हत्यारोपी की पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है, कि हत्यारोपी अर्जुन जायसवाल ने निशा से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से उसका किसी रिश्तेदार से कोई लेना देना नहीं था। बताया गया कि उसकी बहन लखनऊ में रहती हैं, वहीं उसकी ससुराल भी वहीं पर है। पुलिस को कुछ रिश्तेदारों के फोन नंबर मिले, जो लगातार बंद बता रहे हैं। 

हत्यारोपी को मनोरोग चिकित्सक को दिखवाएगी पुलिस

तनाव में रहने के कारण पुलिस हत्यारोपी अर्जुन को मनोरोग चिकित्सक को दिखवाएगी। मामले में डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के न आने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। बुधवार को पति की मौजूदगी में ही पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार कराया जाएगा। इसके बाद हत्यारोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Unnao: महिला ने एकसाथ जन्मे तीन बच्चे; एक बेटी और दो बेटों को पाकर मां हुई अतिप्रसन्न...बच्चों को देखने के लिए लगी भीड़...

संबंधित समाचार