बाराबंकी: गुरुवार से दो केंद्रों पर होगी पूर्व और उत्तर मध्यमा की परीक्षा, सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी
चार संस्कृत विद्यालयों के 327 छात्र-छात्राएं होंगे शामिल
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा गुरूवार से होगी। इस परीक्षा में चार संस्कृत विद्यालयों के पूर्व मध्यमा और उत्तर मध्यमा के 327 छात्र-छात्राओं के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए है। जिस पर कडी सुरक्षा-व्यवस्था व सीसीटीवी की निगरानी में 15 फरवरी से 29 फरवरी तक परीक्षाएं होगी।
जिले में संस्कृत बोर्ड की परीक्षा को लेकर शहर के सिटी इंटर कॉलेज और रामनगर के विद्युत परिलोधेश्वर संस्कृत महाविद्यालय महादेवा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन पर पूर्व मध्यमा द्वितीय तथा उत्तर मध्यमा प्रथम व द्वितीय के 327 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। सिटी इंटर कॉलेज को 195 छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इस पर गुरूकुल संस्कृत विद्यालय हैदरगढ़ के 27 व सनातक धर्म संस्कृत विद्यालय नागेश्वर नाथ बाराबंकी के 72 छात्र-छात्राएं तथा विद्युत परिलोधेश्वर संस्कृत महाविद्यालय के महादेवा के 96 छात्र परीक्षा देंगे। वहीं विद्युत परिलोधेश्वर संस्कृत महाविद्यालय को 132 छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस पर सचिदानंद गुरूकुल संस्कृत विद्यालय मुंडा गोपाल के 31 छात्र-छात्राएं व विद्युत परिलोधेश्वर की 101 छात्राएं परीक्षा देगी।
संस्कृत बोर्ड की नकल विहीन परीक्षा कराने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। गुरूवार से सीसीटीवी की निगरानी में संस्कृत बोर्ड के पूर्व मध्यमा द्वितीय और उत्तर मध्यमा प्रथम व द्वितीय की परीक्षाएं कराई जाएंगी। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने बताया कि संस्कृत बोर्ड की परीक्षा की तैयारी कर ली गई है। दो केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन होगा।
यह भी पढ़ें: बहराइच: अब लड़की पक्ष के चार लोग हुए फूड प्वाइजनिंग के शिकार, जिला अस्पताल में कराए गए भर्ती
